
Vaibhav Suryavanshi Fifty vs UAE: राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 के 11वें मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार अर्धशतक जड़ दिया। यूएई के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस दौरान 8 छक्के एक चौका लगाया। 250 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही और सिर्फ तीन ओवर में ही 58 रन बना लिए, जिसमें 54 रन अकेले वैभव सूर्यवंशी के थे।
इस टूर्नामेंट के पहले दोनों मुकाबलों में फ्लॉप रहने वाले वैभव सूर्यवंशी अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे। वैभव सूर्यवंशी ने पहले दो गेंदों को संभलकर खेला, लेकिन तीसरी गेंद से हल्ला बोलना शुरू कर दिया। उन्होंने लगातार तीन छक्के लगाकर अपना खाता खोला और उसके बाद अगले ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया। पारी के तीसरे ओवर में तीन छक्के लगाकर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा कर दिया।
चौथे ओवर में अभिषेक शर्मा आउट होकर पवेलियन लौट गए, लेकिन सूर्यवंशी की धुआंधार बल्लेबाजी जारी रही और उन्होंने आखिरी दो गेंदों पर एक छक्का और एक चौका लगाया। पांचवें ओवर में सूर्यवंशी ने फिर से तीन छक्के लगाए और टीम इंडिया को 5 ओवर में ही 100 रन के आंकड़े तक पहुंचा दिया। इस दौरान सूर्यवंशी ने 30 गेंदों में 82 रन बना डाले। यह किसी भी टीम के लिए वनडे क्रिकेट का सबसे तेज शतक है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ क्राइस्टचर्च में 6.3 ओवर में 100 रन पूरे किए थे।
इस मुकाबले में UAE ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों ओपनर्स 10 रन जोड़कर आउट हो गए। उसके बाद हरप्रीत सिंह भाटिया ने 130 रन की पारी खेली और मध्यक्रम के बल्लेबाजों के साथ छोटी छोटी साझेदारी कर टीम को 249 रन के स्कोर तक पहुंचाया। भारत के लिए अरशद खान ने 4 विकेट निकाले तो हर्षित राणा एक बार फिर महंगे साबित हुए। तिलक वर्मा और रिंकू सिंह ने भी इस मुकाबले में गेंदबाजी की लेकिन दोनों विकेट हासिल नहीं कर पाए।