Hindi News / Sports / Cricket News / IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में गौतम गंभीर के चहेतों का कटेगा पत्ता! जानें भारत की प्लेइंग XI से कौन होंगे Out और कौन In
IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में गौतम गंभीर के चहेतों का कटेगा पत्ता! जानें भारत की प्लेइंग XI से कौन होंगे Out और कौन In
IND vs NZ 2nd Test Playing XI: भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ जीते हुए मैच में ड्रॉ से संतोष करना पड़ा है। अब भारत के लिए क्राइस्टचर्च में खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट WTC के फाइनल के लिहाज से करो या मरो वाला होगा। ऐसे में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आइये एक नजर भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन पर डालते हैं।
IND vs NZ 2nd Test Playing XI Prediction: न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचकर ड्रॉ से संतोष करना पड़ा है। इस मैच में भारत की गेंदबाजी में कई कमियां उभरकर सामने आई हैं, जिन्हें उसे क्राइस्टचर्च में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट से पहले सुधारना होगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल के लिहाज से यह मुकाबला भारत के लिए करो या मरो वाला है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट प्लेइंग XI में खासतौर पर गेंदबाजी में कुछ बड़े बदलाव कर सकता है। आइये इस मुकाबले से पहले आपको भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन के बारे में बताते हैं।
बल्लेबाजों में नहीं होगा कोई बदलाव
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था। भारत के शीर्ष पांच बल्लेबाजों में से दो ने शतक और तीन ने अर्धशतक बनाए थे। ऐसे में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल बतौर ओपनर खेलेंगे। नंबर तीन पर देवदत्त पडिक्कल और नंबर चार पर खुद कप्तान शुभमन गिल उतरेंगे। वहीं, नंबर पांच पर स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत खेलते नजर आएंगे।
नंबर 6 पर ध्रुव जुरेल का उतरना भी तय है। वहीं, वेलिंगटन टेस्ट में बतौर नाइट वॉचमैन नंबर 6 पर उतरे अंशुल कंबोज की जगह भी पक्की है। जबकि तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान फिर जसप्रीत बुमराह के हाथों में होगी, तो आकाश दीप का भी प्लेइंग इलेवन शामिल होना तय माना जा रहा है।
इन दो प्लेयर्स का कट सकता है पत्ता
वेलिंगटन टेस्ट में गौतम गंभीर के चहेते माने जाने वाले वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा कुछ खास नहीं कर सके थे। सुंदर ने बल्ले से 24 रन और गेंद से दो पारियों में सिर्फ एक विकेट लिया था। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा ने न्यूजीलैंड की पहली पारी में 26 ओवर में 100 रन लुटाते हुए एक विकेट लिया था और दूसरी पारी में दो विकेट लिए थे। भले ही कृष्णा ने दूसरी पारी में 19 में से 10 ओवर मेडन फेंके हों, लेकिन उनका सुंदर के साथ क्राइस्टचर्च टेस्ट से बाहर होना तय माना जा रहा है। इन दोनों की जगह रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया जा सकता है।