Sanju Samson on Vaibhav Suryavanshi: बीसीसीआई नमन अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान संजू सैमसन ने वैभव सूर्यवंशी के IPL डेब्यू से एक रात पहले राहुल द्रविड़ से हुई बेबाक बातचीत का खुलास किया है। द्रविड़ ने पूछा कि तुम्हारा गेम प्लान क्या है? इस पर वैभव ने बेबाकी से कहा कि अगर पहली गेंद हमारे जोन में आई तो हम पहली ही उड़ा देंगे।
Sanju Samson on Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से रविवार रात नमन अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस दौरान संजू सैमसन ने 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के आईपीएल डेब्यू से एक रात पहले राहुल द्रविड़ से हुई बेबाक बातचीत को लेकर बड़ा खुलासा किया है। यह बातचीत पिछले साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स की ओर से इस 14 युवा खिलाड़ी के डेब्यू से पहले हुई थी।
वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया था। आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वह IPL में डेब्यू करने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। उस मैच में उनकी बल्लेबाजी देख सभी को उनकी निडरता का अंदाजा हो गया था। उन्होंने भारत के अनुभवी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर अपने डेब्यू की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया था।
नमन अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या के साथ मंच साझा कर रहे थे। इस दौरान हर्षा भोगले ने वैभव से उस यादगार छक्के के बारे में पूछा। जब वैभव खुद वह किस्सा सुनाने लगे तो संजू सैमसन ने बीच में टोकते हुए वह दिलचस्प किस्सा सुनाया।
सैमसन ने बताया कि मैं असल में उस मीटिंग में मौजूद था। राहुल सर ने वैभव को आईपीएल डेब्यू से एक रात पहले कमरे में बुलाया और मुझसे कहा कि संजू हमें इससे बात करनी है। यह अभी बहुत छोटा बच्चा है, हमें इसे समझाना होगा कि इसे आगे कैसे बढ़ना है। इसके बाद द्रविड़ सर ने सूर्यवंशी से मैच के लिए उसकी योजनाओं के बारे में पूछा।
वैभव क्या प्लान है? वैभव ने जवाब में कहा कुछ नहीं सर, हम तो खेलेंगे। राहुल सर ने फिर पूछा कि तुम्हारा गेम प्लान क्या है? इस बार वैभव ने कहा कि अगर हमें पहली गेंद अपने जोन में मिली, तो हम पहली ही उड़ा देंगे। और उसने ठीक वैसा ही किया। वह अपना ही कोई वीडियो गेम खेल रहा है।
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने इसके बाद IPL के इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ महज 38 गेंदों में 101 रन बनाए। इसके बाद भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
वैभव ने 2026 में राजस्थान को IPL का खिताब जिताने में मदद करने की अपनी इच्छा भी ज़ाहिर की। उन्होंने कहा कि इस सीज़न में टीम के लिए ट्रॉफी जीतना ही हमारा लक्ष्य है। अगर हम ट्रॉफी जीतते हैं, तो इससे पूरी फ्रेंचाइज़ी के साथ-साथ मेरे अपने प्रदर्शन को भी फ़ायदा होगा। मेरा मकसद टीम को ट्रॉफी जिताने में जितना हो सके, उतना योगदान देना है।