क्रिकेट

Rising Star Asia Cup 2026: श्रीलंका के खिलाफ भी दिखेगा वैभव सूर्यवंशी का तूफान? सेमीफाइनल से पहले दिया बड़ा बयान

India A vs Sri Lanka A: राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। यूएई के खिलाफ 53 गेंद में 204 रन ठोकने वाले वैभव सूर्यवंशी ने बड़ी चेतावनी दी है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 7:17 AM IST
vaibhav suryavanshi
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- BCCI)

Rising Star Asia Cup 2026, IND A vs SL A: राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना श्रीलंका से होगा। मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी ने सेमीफाइनल को लेकर अपना टारगेट बताया है, जिसे श्रीलंका के लिए बड़ी चेतावनी कहा जा सकता है। आपको बता दें कि सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में 53 गेंद में 28 छक्कों की मदद से रिकॉर्ड तोड़ 204 रन की पारी खेली थी, जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने 250 रन के लक्ष्य को 15वें ओवर में ही हासिल कर लिया था।

26 नवंबर को खेला जाएगा पहला सेमीफाइनल

पहला सेमीफाइनल मुकाबला 26 नवंबर को खेला जाएगा। ग्रुप बी में भारतीय टीम पाकिस्तान के बाद दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि ग्रुप ए में श्रीलंका ने तीनों मैच जीतकर टॉप किया था। यही वजह है कि पहले सेमीफाइनल में ग्रुप ए की टॉपर का सामना ग्रुप बी की दूसरे स्थान की टीम से हो रहा है, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश से होगा। पाकिस्तान ग्रुप बी की टॉपर थी, जबकि बांग्लादेश ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रही थी।

सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ धमाकेदार जीत के बाद कहा कि उनका लक्ष्य अब सेमीफाइनल जीतना है। मतलब वह सेमीफाइनल में भी इसी तरह की बल्लेबाजी करने की कोशिश करेंगे और अगर ऐसा हुआ तो फिर श्रीलंकाई गेंदबाजों की भी हालत UAE जैसी हो सकती है। सूर्यवंशी ने यह भी बताया कि पिछले दोनों मुकाबलों में जब उनका बल्ला नहीं चला था तो उन्होंने इस मुकाबले में रन बनाने के लिए विकेट पर टिकने का फैसला किया था। उन्होंने बताया कि मैंने मैच से पहले ही प्लान बना लिया था कि मैं इस मैच में समय दूंगा। हालांकि एक-दो गेंद खेलने के बाद मुझे लगा कि यहां गेंदबाजों के लिए कोई मदद नहीं है। उसके बाद जो सूर्यवंशी ने किया, वह इतिहास बन गया।

उसी मैदान पर होगा सेमीफाइनल

आपको बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला भी इसी मैदान पर खेला जाएगा, जहां सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड ब्रेकिंग पारी खेली थी। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जिसे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनीलिव ऐप पर लाइव देखा जा सकता है।