क्रिकेट

Vaibhav Suryavanshi Weakness: ट्राई सीरीज के 4 मैचों ने उजागर की वैभव सूर्यवंशी की नई कमजोरी, 50 ओवर के गेम में 30 का भी औसत नहीं

Tri Nation A Series 2026: आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल करने वाले वैभव सूर्यवंशी ट्राई नेशन ए सीरीज में एक भी अर्धशतक तक नहीं लगा पाए हैं।
2 min read
Jun 19, 2026
Sikandar Raza on Vaibhav Sooryavanshi
वैभव सूर्यवंशी (फाइल फोटो सोर्स: IANS)

Vaibhav Suryavanshi Stats in Tri Nation A Series 2026: ट्राई नेशन ए सीरीज के 4 मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 117 रन बना पाए हैं। आईपीएल 2026 में सूर्यवंशी ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। रन बनाने के मामले में उन्होंने विराट कोहली, शुभमन गिल और हेनरिक क्लासेन जैसे स्टार खिलाड़ियों को पछाड़ा था। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में सूर्यवंशी का औसत 50 के आसपास का रहा था, लेकिन ट्राई सीरीज में अब तक वह एक पचासा भी नहीं जड़ पाए हैं।

लगातार कैच आउट हुए हैं सूर्यवंशी

इस सीरीज में भारत ए ने चार मैच खेले हैं और चारों में सूर्यवंशी को बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। इस दौरान वह कभी शॉर्ट पिच गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौटे हैं तो कभी फुल लेंथ गेंद को ड्राइव करने के चक्कर में विकेट गंवाया है। कुल मिलाकर सूर्यवंशी चारों बार कैच आउट हुए हैं। अफगानिस्तान ए के खिलाफ तो वह 4 बार आउट होने से बचे और 5वें मौके पर उनका कैच पकड़ा गया। उनके आउट होने के तरीके से यह तो साफ हो गया कि सूर्यवंशी अपनी गलतियों से नहीं सीख रहे हैं।

इन 4 मैचों ने यह भी दिखाया कि सूर्यवंशी को आउट करना है तो उनके शॉट्स पर ब्रेक लगाया जा सकता है। 50 ओवर के खेल में सूर्यवंशी पिछले चारों मुकाबलों में बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं और इसकी वजह रही है धैर्य की कमी। लगातार बड़े शॉट्स लगाने की कोशिश में वह लगातार विकेट गंवाते रहे हैं। साथ ही दांबुला की गेंदबाजों की मददगार पिच भी उनके खिलाफ रही है।

सपाट पिचों पर गरजे थे सूर्यवंशी

आईपीएल में सपाट पिचों पर उन्होंने कई विध्वंसक पारियां खेलीं, लेकिन उसी टूर्नामेंट में जैसे ही वह गेंदबाजों के लिए मददगार पिचों पर उतरे, उनका बल्ला खामोश हो गया। आईपीएल 2026 में सूर्यवंशी ने 72 छक्के लगाए थे, लेकिन ट्राई सीरीज में वह अब तक सिर्फ 3 छक्के ही लगा पाए हैं। कुल मिलाकर आईपीएल 2026 वाला जादू ट्राई सीरीज में देखने को नहीं मिला है।

आईपीएल के दौरान सूर्यवंशी की कई कमियां सामने आई थीं, लेकिन क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना था कि धीरे-धीरे वह उन कमियों को दूर कर लेंगे। हालांकि, आईपीएल से लेकर अब तक लगातार शॉट्स खेलने की कमी को वह दूर नहीं कर पाए हैं। अच्छी गेंदों को रोकने की कला उन्हें अभी भी सीखने की जरूरत है। फिलहाल इस सीरीज में फाइनल मैच बचा है, जहां सूर्यवंशी पर एक बार फिर सबकी नजर रहने वाली है।

Updated on:
19 Jun 2026 01:22 pm
Published on:
19 Jun 2026 01:22 pm