क्रिकेट

VHT Quarter Final: पंजाब पहुंची सेमीफाइनल में, दिल्ली को हराकर विदर्भ ने भी कटाई टिकट

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टरफाइनल में पंजाब और विदर्भ ने बड़ी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पंजाब ने मध्य प्रदेश को 183 रन से हराया, जबकि विदर्भ ने दिल्ली को 76 रन से मात दी।

2 min read
Jan 13, 2026
पंजाब के प्रभसिमरन सिंह रहे मैन ऑफ द मैच (फोटो- X@/BCCIdomestic)

Vijay Hazare Trophy Quarter Final: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के नॉकआउट मुकाबले अपने अहम मोड़ पर पहुंच चुके हैं और क्वार्टरफाइनल के नतीजों ने सेमीफाइनल की तस्वीर साफ कर दी है। टूर्नामेट के तीसरे और चौथे क्वार्टरफाइनल में पंजाब और विदर्भ ने अपने विरोधियों को बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। तीसरे क्वार्टर फाइनल में पंजाब ने मध्य प्रदेश को 183 रन के बड़े अंतर से हराया। वहीं चौथे क्वार्टर फाइनल में विदर्भ ने दिल्ली को 76 रन से मात दी। अब पहले सेमीफाइनल में विदर्भ का सामना कर्नाटक से 15 जनवरी को होगा वहीं पंजाब की टीम दूसरे सेमीफाइनल में सौराष्ट्र से 16 जनवरी को भिड़ेगी।

ये भी पढ़ें

भारत में वर्ल्ड कप न खेलने की बांग्लादेश की जिद के आगे ICC का कड़ा रुख, BCB को फिर से विचार करने को कहा

पंजाब की बड़ी जीत

तीसरे क्वार्टरफाइनल में पंजाब ने मध्य प्रदेश के खिलाफ हर डिपार्टमेंट में बेहतर खेल दिखाया और मुकाबले को पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने पूरे पचास ओवर खेलकर 345 रन का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। टीम के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 86 गेंदों पर 88 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी के लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' का अवॉर्ड भी दिया गया।

इनके अलावा अनमोलप्रीत सिंह (70 रन) और नेहल वढेरा (56 रन) ने भी अर्द्धशतकीय पारियां खेली। जवाब में मध्य प्रदेश की टीम दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 31.2 ओवर में 162 रन पर सिमट गई और पंजाब ने यह मुकाबला 183 रन के बड़े अंतर से जीत लिया। पंजाब के लिए सनवीर सिंह ने 3 विकेट झटके।

विदर्भ ने दिल्ली को किया बाहर

चौथे क्वार्टरफाइनल में विदर्भ और दिल्ली के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 300 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और लगातार विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 45.1 ओवर में 224 रन ही बना सकी। इस तरह विदर्भ ने यह मुकाबला 76 रन से अपने नाम किया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। विदर्भ के यश राठौड़ (73 गेंदों में 86 रन) को उनकी शानदार पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।

ये भी पढ़ें

युजवेंद्र चहल का तलाक के बाद खुलासा: मेंटल हेल्थ के चलते छोड़े बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट

Also Read
View All

अगली खबर