
साउथैम्पटन। भारतीय क्रिकेट टीम का आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 में भारतीय टीम का सफर बेहद शानदार रहा है। टीम ने अब तक तीन मुकाबलों में जीत हासिल की है जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ एक मैच वर्षा के कारण धुल गया था।
टीम इंडिया अपने अगले मुकाबले में शनिवार को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम से भिड़ेगी। अफगानिस्तान बेहद कमजोर टीम है और इस वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं जीत पाई है। माना जा रहा है कि भारतीय टीम इस मैच में आसानी से जीत दर्ज कर लेगी।
मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कांफ्रेस में भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर विजय शंकर ने पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें आशा है कि वह शनिवार को अफगानिस्तान के खिलाफ भी मैदान में उतरेंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
शंकर ने कहा, "मैं अफगान टीम के खिलाफ भी खेलने की उम्मीद कर रहा हूं। अगर आपके सामने नेट्स पर जसप्रीत बुमराह जैसा गेंदबाज हो तो आपको अंदाजा लगाना चाहिए कि आपको तैयार रहना है।"
आपको बता दें कि विजय शंकर को गुरुवार को अभ्यास के दौरान चोट लग गई थी। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह विजय को बल्लेबाजी का अभ्यास करवा रहे थे। इसी दौरान वे चोटिल हो गए थे।
भारतीय टीम इस समय खिलाड़ियों की चोट की समस्या से जूझ रही है। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन चोटिल होकर पूरे वर्ल्ड कप से ही बाहर हो चुके हैं। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी चोटिल होने के कारण कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
ICC Cricket World Cup 2019 में Indian cricket team के match schedule
पांचवां मैच- भारत बनाम अफगानिस्तान, साउथैम्प्टन - 22 जून
छठवां मैच- भारत बनाम वेस्टइंडीज, ओल्ड ट्रैफर्ड - 27 जून
सातवां मैच- भारत बनाम इंग्लैंड, एजबेस्टन - 30 जून
आठवां मैच- भारत बनाम बांग्लादेश, एजबेस्टन - 2 जुलाई
नौवां मैच- भारत बनाम श्रीलंका, लीड्स - 6 जुलाई