क्रिकेट

ये दो शेर दिलाएंगे भारत को विंडीज के खिलाफ जीत

विराट कोहली टेस्ट करियर का 21वां और अजिंक्य रहाणे ने 19वां अर्धशतक जमाया।
less than 1 minute read
Aug 25, 2019
virat_kohli_and_ajinkya_rahane.jpg

एंटिगा। कप्तान विराट कोहली (51*) और उप-कप्तान आजिंक्य रहाणे (53*) के अर्धशतकों की मदद से भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में अपनी स्थिति को मजबूत कर लिया।

भारतीय क्रिकेट टीम ने मैच के तीसरे दिन शनिवार को अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 185 रन बना लिए। भारत को अब तक 260 रन की मजबूत बढ़त हासिल हो चुकी है।

स्टंप्स के समय कोहली 111 गेंदें और रहाणे 140 गेंदें खेलकर नाबाद लौटे। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 104 रनों की साझेदारी हो चुकी है। कप्तान कोहली का यह 21वां और उप-कप्तान रहाणे का यह 19वां अर्धशतक है।

भारत ने पहली पारी में 297 रन का स्कोर बनाया और फिर उसने वेस्टइंडीज को 222 रन पर ऑलआउट कर पहली पारी में 75 रन की बढ़त हासिल थी।

दूसरी पारी में भारत ने लंच तक बिना किसी नुकसान के 14 रन बना लिए थे। लंच के बाद टीम ने 30 के कुल स्कोर पर मयंक अग्रवाल (16), 73 के स्कोर पर लाकेश राहुल (38) और 81 के स्कोर पर चेतेश्वर पुजारा (25) का विकेट गंवा दिया।

वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज को दो और केमार रोच को अब तक एक सफलता हाथ लगी है।

Updated on:
25 Aug 2019 10:20 am
Published on:
25 Aug 2019 09:34 am