Virat Kohli arrives in Bengaluru: आईपीएल 2026 के लिए विराट कोहली बेंगलुरु पहुंच चुके हैं। बुधवार का जब RCB का ये स्टार बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरा तो फैंस ने उनकी एक झलक पाने को काफी दौड़ लगाई, लेकिन कड़ी सुरक्षा के चलते कुछ ही लोग उन्हें देख पाए।
Virat Kohli arrives in Bengaluru: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) शुरू होने में अब सिर्फ 10 दिन से भी कम समय बचा है। इससे पहले सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारी में जुटी हुई हैं। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की मौजूदगी से मजबूती मिली है। आईपीएल 2026 से पहले बुधवार 18 मार्च को कोहली बेंगलुरु पहुंचे। जहां उनकी एक झलक पाने को फैंस काफी बेताब नजर आए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कोहली को कड़ी सुरक्षा के बीच देखा जा सकता है। उनके साथ एयरपोर्ट अधिकारी और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे। 37 वर्षीय के कोहली हमेशा की तरह अपने लुक में शानदार लग रहे थे। उन्होंने नीले रंग की स्वेटशर्ट, काले रंग की ट्रैक पैंट पहनी थी और सिर पर एक कैप लगाई हुई थी। फ्रेंचाइजी ने भी उनके लौटने का संकेत देते हुए एक पोस्ट किया है, जिसके कैप्शन में लिखा है कि आपको उन्हें देखने की जरूरत नहीं है… यह जानने के लिए कि वह आ रहे हैं! कैलेंडर देखें। संकेत मिलेंगे…।
आईपीएल का बेसब्री से इंतजार कर रहे फैंस को उम्मीद है कि कोहली इस सीजन में भी आरसीबी के खिताब बचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। कोहली ने 2025 में फ्रेंचाइजी को टाइटल जिताने के अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने 144.71 के स्ट्राइक रेट और 54.75 की औसत से 657 रन बनाए थे, जिससे टीम का इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए 17 साल का इंतजार खत्म हुआ था। इसके अलावा कोहली की मौजूदगी इसलिए भी अहम है, क्योंकि उन्होंने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब सिर्फ वनडे इंटरनेशनल ही खेलते हैं।
आरसीबी के आईपीएल 2026 अभियान की बात करें तो पहले चरण के शेड्यूल के मुताबिक, आरसीबी 28 मार्च को अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच से अपने टूर्नामेंट की शुरुआत करेगी। इसके बाद वे 5 अप्रैल को पांच बार के चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स की मेजबानी करेंगे। उसके बाद दो मैच 10 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ और 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से सामना होगा।