कोहली बीसीसीआई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के ग्रेड ए+ कैटेगरी में आते हैं। उन्हें सालाना सात करोड़ रुपये मिलते हैं।
Virat Kohli Highest Taxpaying Indian Cricketer: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली वित्तीय वर्ष 2023-24 में देश में सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले खिलाड़ी हैं। फॉर्च्यून इंडिया द्वारा जारी एक सूची के मुताबिक, कोहली ने वित्त वर्ष 2023-24 में टैक्स के रूप में 66 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। यह राशि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा उन्हें दिये जाने वाले सालाना वेतन से 9 गुना ज्यादा है।
कोहली बीसीसीआई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के ग्रेड ए+ कैटेगरी में आते हैं। उन्हें सालाना सात करोड़ रुपये मिलते हैं। कोहली के अलावा रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को भी सात - सात करोड़ रुपये सालाना मिलते हैं। कोहली भारत के पांचवें सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले सेलिब्रिटी हैं। उनसे ज्यादा बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (92 करोड़), विजय (80 करोड़), सलमान खान (75 करोड़) और अमिताभ बच्चन (71 करोड़) ने टैक्स दिया है।
खिलाड़ियों की बात करें तो कोहली के अलावा पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पिछले वित्त वर्ष में 38 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान करके ओवरऑल सेलिब्रिटी लिस्ट में सातवां स्थान हासिल किया है। हालांकि, कोहली ने धोनी से भी दोगुना टैक्स दिया है।
इन दोनों के अलावा सचिन तेंदुलकर ने 28 करोड़, सौरव गांगुली ने 23 करोड़, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 13 करोड़ और ऋषभ पंत ने 10 करोड़ रुपये के टैक्स का भुगतान किया है।