
Virat Kohli and Ravichandra Ashwin Record India vs West Indies 2nd test: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुक़ाबला 20 जुलाई से पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा। इस सीर्ज का पहला मैच में भारत ने मेजबान टीम को एक पारी और 141 रनों की करारी शिकस्त दी थी। इस मैच में टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और स्पिन गेंदबाज रविचंद्र अश्विन के पास इतिहास रचने का बड़ा मौका है।
विराट कोहली जब गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान में उतरेंगे तो यह उनका 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। कोहली ने अब तक 110 टेस्ट, 274 वनडे और 115 अंतरराष्ट्रीय टी20 मुक़ाबले खेले हैं। भारत के लिए 500 अंतरराष्ट्रीय मुक़ाबले खेलने वाले कोहली चौथे खिलाड़ी होंगे। उनसे पहले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ऐसा कर चुके हैं। वहीं 500 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले वे दुनिया के 10वें खिलाड़ी होंगे। सचिन ने अपने करियर में 664 मैच खेले थे। धोनी 538 और टीम इंडिया के मौजूदा कोच द्रविड़ 509 मैच खेले थे।
कोहली के अलावा स्पिन गेंदबाज अश्विन के पास भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। अश्विन ने पिछले मैच में 12 विकेट हासिल किए थे। उन्होंने आठ बार एक मैच में 10 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं। इस मामले में वे पूर्व भारतीय दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले की बराबरी कर चुके हैं। ऐसे में अगर अश्विन इस मैच में भी 10 या उससे ज्यादा विकेट हासिल करने में कामियाब रहते हैं तो वे कुंबले का यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
इसके अलावा अश्विन वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन सकते हैं। इस मामले में भी वह कुंबले को पीछे छोड़ देंगे। पूर्व कप्तान कुंबले के भारत-वेस्टइंडीज मैच में 74 विकेट हैं। अश्विन के 72 विकेट हैं। उन्हें पूर्व दिग्गज गेंदबाज को पीछे छोड़ने के लिए तीन विकेट की आवश्यकता है। वहीं अश्विन ने अपने टेस्ट करियर में 34 बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लिए हैं। इस मामले में वह श्रीलंका के रंगना हेराथ के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। अगर वह त्रिनिदाद में एक भी पारी में अगर पांच विकेट या उससे अधिक विकेट ले लेते हैं तो कुंबले की बराबरी कर लेंगे।