15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND A vs SL A: अगर वैभव सूर्यवंशी ने नहीं ठीक की फुटवर्क की कमजोरी, तो इंटरनेशनल करियर हो सकता है छोटा

India A vs Sri Lanka A: Vaibhav Suryavanshi ट्राई-नेशन ए सीरीज में एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। श्रीलंका ए के खिलाफ 21 रन बनाकर आउट हुए सूर्यवंशी का खराब फुटवर्क अब उनकी सबसे बड़ी कमजोरी बनती नजर आ रही है।

2 min read
Google source verification
Vaibhav Suryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (फोटो- BCCI)

Vaibhav Suryavanshi Mistake for India A: वैभव सूर्यवंशी की एक कमजोरी अब उन पर भारी पड़ती नजर आ रही है। सोमवार को रनगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे ट्राई-नेशन ए सीरीज के श्रीलंका ए और इंडिया ए के बीच मुकाबले में सूर्यवंशी 21 रन बनाकर आउट हो गए। इस मुकाबले में वह फिर फुटवर्क का इस्तेमाल किए बिना सीम वाली गेंद को खेलने गए, जिसकी वजह से वह प्वाइंट की दिशा में कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए।

फिर नहीं खेल पाए बड़ी पारी

भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी। प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh) और वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की, लेकिन सूर्यवंशी एक बार फिर सस्ते में पवेलियन लौट गए। उन्होंने 14 गेंद का सामना करते हुए 21 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का लगाया।

आईपीएल 2026 में 72 छक्के लगाकर रिकॉर्ड तोड़ बल्लेबाजी करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे और सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी भी की थी। लेकिन आईपीएल खत्म होने के बाद ट्राई-नेशन ए सीरीज में वह अब तक बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं।

फुटवर्क पर लगातार उठ रहे सवाल

आईपीएल 2026 के दौरान भले ही सूर्यवंशी ने कई बड़ी पारियां खेलीं, लेकिन उनके फुटवर्क और फिटनेस पर लगातार सवाल उठते रहे। हालांकि ट्राई सीरीज में फिटनेस में तो कोई कमी नजर नहीं आई, लेकिन फुटवर्क की कमजोरी उन पर भारी पड़ती दिख रही है।

श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में भी वह खराब फुटवर्क की वजह से जल्दी आउट हो गए। सूर्यवंशी को अच्छी शुरुआत मिली थी और उन्होंने 13 गेंद में 21 रन बना लिए थे। फिर पारी के चौथे ओवर में उछाल लेती स्विंग गेंद को उन्होंने खड़े-खड़े खेलने की कोशिश की, जिसकी वजह से गेंद मिडऑफ की बजाय पॉइंट की दिशा में चली गई और वहां खड़े वनुजा ने आसान कैच लेकर उन्हें पवेलियन भेज दिया।

अब तक जड़ चुके हैं 15 चौके और एक छक्का

आपको बता दें कि कई क्रिकेट विशेषज्ञ पहले भी उन्हें चेतावनी दे चुके हैं कि अगर उन्होंने इन कमियों को नहीं सुधारा, तो उनका करियर लंबा नहीं चल पाएगा। इस ट्राई सीरीज में अब तक सूर्यवंशी तीन मैचों में 79 रन बना चुके हैं, जिसमें उन्होंने 15 चौके और 1 छक्का लगाया है। हालांकि तीनों मुकाबलों में वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। पहले मुकाबले में वह 14 रन बना पाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने 22 गेंद में 44 रन की पारी जरूर खेली, लेकिन फिर अपना विकेट गंवा बैठे। तीसरे मैच में भी वह इसी अंदाज में आउट होकर पवेलियन लौटे।

आपको बता दें कि इस सीरीज में तीन टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें अफगानिस्तान A की टीम भी शामिल है। तीनों टीमों को ग्रुप स्टेज में चार-चार मुकाबले खेलने हैं और अंक तालिका में टॉप-2 पर रहने वाली टीमें फाइनल खेलेंगी।