
Dasun Shanaka: पूर्व श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका (Photo - ESPN)
Dasun Shanaka 2000 T20I runs: वेस्टइंडीज (WI) और श्रीलंका (SL) के बीच सबीना पार्क (Sabina Park, Kingston) स्टेडियम में खेला गया तीसरा और आखिरी टी20 मैच श्रीलंका के लिए भले ही निराशाजनक रहा और टीम सीरीज 2-1 से हार गई, लेकिन श्रीलंका के स्टार खिलाड़ी दासुन शनाका के लिए यह मुकाबला हमेशा के लिए यादगार बन गया। इस मैच के दौरान शनाका ने एक ऐसा बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसे आज तक श्रीलंका के गिने-चुने बल्लेबाज ही छू पाए हैं।
पूर्व श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में जैसे ही अपनी 13 गेंदों पर 16 रनों की पारी खेली, उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 2000 रन पूरे कर लिए। शनाका अब श्रीलंका की तरफ से टी20 क्रिकेट में 2000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले महज चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ पाथुम निसांका 2699 रनों के साथ, कुसल मेंडिस (2694 रनों) और कुसल परेरा (2335 रनों) ही हैं।
34 साल के दासुन शनाका श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उनके नाम अब 134 मैचों में 2008 रन दर्ज हो चुके हैं। यही नहीं, शनाका श्रीलंका की तरफ से टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं, उन्होंने अब तक 112 गगनचुंबी छक्के उड़ाए हैं। बल्लेबाजी के साथ-साथ उनके नाम 46 विकेट भी दर्ज हैं। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के लिए खेलने वाले शनाका की कप्तानी में ही श्रीलंका ने साल 2022 का एशिया कप जीता था।
भले ही श्रीलंका आखिरी मैच में दुनिथ वेल्लालगे के 43 रनों की मदद से 169 रन ही बना सकी और वेस्टइंडीज ने शिमरोन हेटमायर (32 रन) की बदौलत यह मैच 5 विकेट से जीत लिया, लेकिन पूरी सीरीज में शनाका का बल्ला जमकर बोला। दासुन शनाका 3 मैचों में 96 रन बनाकर इस सीरीज के लीडिंग रन-स्कोरर (सबसे ज्यादा रन बनाने वाले) रहे। उन्होंने दूसरे टी20 मैच में सिर्फ 24 गेंदों पर 58 रनों की तूफानी पारी खेलकर श्रीलंका को जीत दिलाई थी और महज 19 गेंदों में फिफ्टी जड़कर श्रीलंका के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने के अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
Published on:
15 Jun 2026 03:43 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
