क्रिकेट

प्रीति जिंटा और वीरेंद्र सहवाग विवाद पर दोनों ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कहा वीरू और प्रीति ने

पंजाब की हार के बाद मीडिया में चल रही प्रीति जिंटा और वीरेंद्र सहवाग के बीच अनबन की खबरों पर दोनों पक्षों ने अपना मुंह खोला है।
2 min read
• •
Updated: 11 May 2018, 7:24 PM IST
viru

नई दिल्ली। राजस्थान रॉयल्स के हाथों मिली हार के बाद मीडिया में ये खबर चल रही थी कि किंग्स इलेवन पंजाब की सहमालकिन प्रीति जिंटा और टीम के मेंटॉर वीरेंद्र सहवाग के बीच रिश्ते तल्ख हो गए है। कई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक ये भी बात सामने आई थी कि टीम में प्रीति की बढ़ती दखलअंदाजी से परेशान होकर सहवाग पंजाब की टीम से अपना नाता तोड़ सकते हैं। लेकिन अब इस मसले पर दोनों पक्षों ने अपनी राय सार्वजनिक की है। प्रीति ने ट्विटर पर पोस्ट करते हुए इन बातों को अफवाह बताया, जबकि सहवाग ने इंडिया टीवी के एक शो पर बात करते हुए इन खबरों को आधारहीन बताया।

क्या लिखा प्रीति जिंटा ने -
प्रीति जिंटा ने इस मसले पर ट्विट करते हुए लिखा कि उस दिन मैच के दौरान ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। वह तो सहवाग से बस टीम संबंधी कुछ बातें कर रही थीं। इसे ऐसा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया जो कि शर्मनाक है। प्रीति जिंटा ने अपने ट्विटर में मुंबई की एक अखबार का जिक्र करते हुए कहा कि आपने फिर गलती की है। आपने तो मुझे विलेन बना दिया। अपने पोस्ट पर प्रीति ने हैशटैग लगाते हुए फेक न्यूज लिखा। साथ ही साथ उस खबर का लिंक शेयर किया।

वीरेंद्र सहवाग ने ये कहा -
वहीं इस मामले पर वीरेंद्र सहवाग ने इंडिया टीवी से बात करते हुए पूरे मामले को बकवास करार दिया। सहवाग ने साफ किया कि ऐसी कोई बात नहीं है। बता दें कि पंजाब की टीम अपने अगले मुकाबलों की तैयारी में जुटी है। पंजाब का सामना कल इंदौर में केकेआर से होना है। इस मैच में पंजाब की कोशिश जीत हासिल करते हुए प्ले ऑफ की रेस को आसान बनाने की होगी।

इसे बताया गया था विवाद की वजह-

वीरेंद्र सहवाग और प्रीति जिंटा के बीच विवाद की वजह राजस्थान रॉयल्स के हाथों मिली हार थी। इस मैच में पंजाब के लिए जीत आसान थी। लेकिन बल्लेबाजी क्रम में हुए एक बदलाव के कारण बैंटिग ऑडर का समीकरण बिगड़ गया था।

Published on: