आइसलैंड क्रिकेट ने फ्लाइट शेड्यूल की तस्वीर शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "पाकिस्तान को जल्द से जल्द टी20 वर्ल्ड कप में अपनी भागीदारी पर फैसला लेने की ज़रूरत है। अगर वे 2 फरवरी को नाम वापस ले लेते हैं, तो हम तुरंत उड़ान भरने के लिए तैयार हैं, लेकिन 7 फरवरी तक कोलंबो पहुंचने के लिए फ्लाइट शेड्यूल एक लॉजिस्टिकल देखें होंगे।
बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर किए जाने के इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के फैसले पर पाकिस्तान ने खुला विरोध दर्ज कराया है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटने की धमकी दी है। पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप खेलेगी या नहीं, इसको लेकर सस्पेंस बना हुआ है। इसी बीच आइसलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर पाकिस्तान टीम के मज़े लिए हैं।
आइसलैंड क्रिकेट ने फ्लाइट शेड्यूल की तस्वीर शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "पाकिस्तान को जल्द से जल्द टी20 वर्ल्ड कप में अपनी भागीदारी पर फैसला लेने की ज़रूरत है। अगर वे 2 फरवरी को नाम वापस ले लेते हैं, तो हम तुरंत उड़ान भरने के लिए तैयार हैं, लेकिन 7 फरवरी तक कोलंबो पहुंचने के लिए फ्लाइट शेड्यूल एक लॉजिस्टिकल देखें होंगे।
हमारा ओपनिंग बैट्समैन इन्सोम्नियाक है!" आइसलैंड क्रिकेट के इस पोस्ट पर फैंस भी पाकिस्तान टीम के मज़े ले रहे हैं। एक फैन ने लिखा, "आइए वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन तय करने के लिए पाकिस्तान को आइसलैंड में एक मैच के लिए बुलाते हैं?"
इस पूरे विवाद की शुरुआत बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ कथित हिंसा के विरोध से हुई। भारत में कई संगठनों ने आईपीएल 2026 से बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने की मांग की। बीसीसीआई के निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया। इसके जवाब में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार ने आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगाने का फैसला लिया और अपनी टीम को विश्व कप मैचों के लिए भारत न भेजने का निर्णय किया। बीसीबी ने आईसीसी से अपने मुकाबले श्रीलंका में कराने या फिर ग्रुप बदलने की मांग की, लेकिन आईसीसी ने इसे खारिज कर दिया।
पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर बांग्लादेश का खुलकर समर्थन किया। पीसीबी ने बांग्लादेश को भारत न आने के अपने फैसले पर डटे रहने की सलाह दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। आईसीसी बोर्ड की बैठक में बांग्लादेश के समर्थन में वोट देने वाला पाकिस्तान एकमात्र देश था। पीसीबी ने आईसीसी को यह सुझाव देते हुए ईमेल भी किया कि टूर्नामेंट के आयोजन स्थल भारत से हटाकर श्रीलंका किए जाएं। हालांकि, आईसीसी ने बांग्लादेश के खिलाड़ियों की सुरक्षा की गारंटी देते हुए उनके अनुरोध को खारिज कर दिया और भारत में ही मैच खेलने की सलाह दी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपनी सरकार की सलाह पर अड़ा रहा और अंततः टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गया। उसकी जगह आईसीसी ने स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया।
पीसीबी का मानना है कि जब पाकिस्तान के लिए हाइब्रिड मॉडल अपनाया गया, तो बांग्लादेश के लिए ऐसा क्यों नहीं किया जा सकता। इसी मुद्दे पर पाकिस्तान ने विश्व कप से हटने की धमकी दी है। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने साफ किया है कि पाकिस्तान टी20 विश्व कप में हिस्सा लेगा या नहीं, इसका अंतिम फैसला प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ करेंगे। सोमवार या मंगलवार तक विश्व कप में शामिल होने या न होने पर पाकिस्तान की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।