क्रिकेट

WI vs SL T20: शिमरन हेटमायर का फ्लॉप शो जारी, श्रीलंका के खिलाफ शाई होप ने शुरू से अंत तक डटकर दिलाई रोमांचक जीत

WI vs SL T20: पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 7 विकेट से हरा दिया। शिमरन हेटमायर के फ्लॉप शो के बीच कप्तान शाई होप की कप्तानी पारी और जेसन होल्डर की घातक गेंदबाजी के दम पर विंडीज ने रोमांचक जीत दर्ज की।

2 min read
Jun 12, 2026
WI vs SL 1st T20 Highlights , Shai Hope batting vs Sri Lanka , Jason Holder wickets WI vs SL , Shimron Hetmyer flop show
Shai Hope: कप्तान शाई होप ने 54 गेंदों में 65 रन बनाए और वेस्टइंडीज को जीत दिलाई (Photo - IANS)

WI vs SL T20: वेस्टइंडीज (WI) और श्रीलंका (SL) के बीच खेले गए पहले टी20 मैच में विंडीज टीम ने 7 विकेट से बाजी मार ली है। जमैका के सबीना पार्क में खेले गए इस टी20 मुकाबले में आखिरी ओवरों में सांसें रोक देने वाला रोमांच देखने को मिला, लेकिन अंत में मेजबान टीम ने श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

हेटमायर फिर फेल, कप्तान होप ने संभाला मोर्चा

इस मैच में वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज शिमरन हेटमायर का फ्लॉप शो जारी रहा, जिससे टीम एक समय मुश्किल में दिख रही थी। लेकिन विकेटकीपर कप्तान शाई होप ने मोर्चे को शुरू से अंत तक संभाले रखा। शाई होप मैदान पर पैर जमाकर नाबाद (Not Out) रहे। उन्होंने अपनी बेहतरीन कप्तानी पारी में 54 गेंदों का सामना करते हुए शानदार 65 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। होप ने न सिर्फ बल्ले से मैच अपने हाथ में किया बल्कि विकेट के पीछे से भी कमाल किया और श्रीलंका के बल्लेबाज दुश्मंथ चमीरा को फुर्ती से सिर्फ 1 रन पर रनआउट कर पवेलियन भेजा।

पावरप्ले में धमाका, फिर फंसा मैच

147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद तूफानी रही। टीम ने पहले 6 ओवरों (पावरप्ले) में ही 66 रन कूट दिए थे। लेकिन इसके बाद कैरेबियाई बल्लेबाजों की धीमी रन गति के कारण मैच आखिरी ओवरों में फंस गया। एक समय टीम को 20 गेंदों में 20 रन चाहिए थे, जो बाद में 9 गेंदों में 9 रन हो गए। अंत में रोवमैन पॉवेल ने आखिरी ओवर में एक कड़क छक्का जड़कर टीम को 4 गेंद शेष रहते जीत दिलाई।

जेसन होल्डर और जोसेफ की घातक गेंदबाजी

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम 9 विकेट पर 146 रन ही बना सकी। श्रीलंका की तरफ से कामिंदु मेंडिस ने सबसे ज्यादा 51 रन और कुसल मेंडिस ने 36 रन बनाए। हालांकि, इस मैच के 'प्लेयर ऑफ द मैच' जेसन होल्डर रहे। होल्डर ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ की बदौलत महज 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट भी लिए। उनके अलावा शामर जोसेफ ने भी 3 विकेट झटके।

इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज के बाकी दो मैच भी इसी मैदान पर शनिवार और रविवार को खेले जाएंगे।