
अफगानिस्तान ए ने इंडिया ए को चार रन से हराया (Photo - BCCI)
India A vs Afghanistan A, Tri-Nation A Series in Sri Lanka 2026: भारत ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच चल रही ट्राई सीरीज का दूसरा मुकाबला भारत ए और अफगानिस्तान ए के बीच खेला गया। बारिश से प्रभावित इस मैच में अफगानिस्तान ए ने डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत भारत ए को मात्र चार रन से हरा दिया।
दांबुला के रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में 9 विकेट पर 349 रन बनाए। इसके बाद बारिश ने खेल बिगाड़ दिया। अफगानिस्तान ए को संशोधित लक्ष्य के अनुसार 38 ओवरों में 294 रन बनाने थे। अफगानिस्तान की टीम जब 25.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 177 रन बना चुकी थी, तभी फिर बारिश शुरू हो गई। उस समय अफगानिस्तान का स्कोर पार स्कोर से चार रन ऊपर था, जिसके बाद डकवर्थ-लुईस नियम के तहत उन्हें चार रन से विजयी घोषित कर दिया गया।
संशोधित लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए की शुरुआत काफी अच्छी रही। कप्तान इमरान और हसन ईसाखिल के बीच पहले विकेट के लिए 63 रनों की उपयोगी साझेदारी हुई, जिसे अरशद खान ने तोड़ दिया। इसके बाद क्रीज पर आए खालिद तानिवल ज्यादा देर नहीं टिक सके और अनुकूल रॉय की गेंद पर सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। तीसरे विकेट के लिए इमरान को बाहिर शाह का अच्छा साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों के बीच 108 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। बारिश के कारण मैच मात्र 25.5 ओवर ही खेला जा सका, जिसमें अफगानिस्तान ए ने 2 विकेट पर 177 रन बना लिए थे।
इससे पहले टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 74 रन जोडे़। वैभव ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 22 गेंदों में 44 रन बनाए। हालांकि, वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 9 चौके लगाने के बाद पवेलियन लौटे। प्रियांश आर्या महज 8 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और प्रभसिमरन ने तीसरे विकेट के लिए 74 गेंदों में 79 रन जोड़े। ऋतुराज ने 80 गेंदों का सामना करते हुए 66 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, प्रभसिमरन अपने शतक से चूक गए और 69 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए। आयुष बदोनी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। हालांकि, कप्तान तिलक वर्मा ने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। तिलक ने 73 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों की मदद से 66 रन बनाए।
सूर्यांश शेडगे ने 27 गेंदों में 40 रनों की उपयोगी पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 2 चौके और 2 छक्के लगाए। अरशद खान सिर्फ एक रन ही बना सके। अनुकूल रॉय ने 8 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 16 रन बनाए।
वहीं, विपराज निगम ने 3 गेंदों में 8 रन बनाए। अफगानिस्तान ए की ओर से गेंदबाजी में अब्दुल्ला अहमदजई ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 9 ओवर में 68 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं, फरमानुल्लाह साफी ने 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, कप्तान इमरान मीर ने 21 रन देकर एक विकेट चटकाया।
Updated on:
11 Jun 2026 06:53 pm
Published on:
11 Jun 2026 06:25 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
