क्रिकेट

WI vs PAK: खत्‍म हुआ विदेश में सबसे लंबी हार का सिलसिला, पाकिस्‍तान ने जीत के साथ ड्रॉ कराई सीरीज

WI vs PAK 2nd Test: पाकिस्तान ने बाबर आजम की कप्‍तानी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्‍ट में 8 विकेट से जीत दर्ज करते सीरीज ड्रॉ करा ली है। इसके साथ ही उसने तीन से विदेश में टेस्‍ट मैच हारने के सिलसिले को भी खत्‍म कर दिया है। जबकि वेस्‍टइंडीज 26 साल से पाकिस्‍तान के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज जीतने के सिलसिले को तोड़ने में विफल रहा है।
2 min read
Aug 06, 2026
Pakistan captain Babar Azam and West Indies captain Roston Chase with the trophy, West Indies vs Pakistan,
ट्रॉफी के साथ पाकिस्‍तान के कप्‍तान बाबर आजम और वेस्‍टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज। (फोटो सोर्स: ICC)

WI vs PAK 2nd Test Highlights: पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्‍पेन के क्वींस पार्क में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में 8 विकेट से जीत दर्ज की है। इसी के साथ मेहमान टीम ने 2 मैचों की टेस्‍ट सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म की। इससे पहले वेस्टइंडीज ने सीरीज का आगाज पहला टेस्‍ट 90 रन से अपने नाम किया था। पाकिस्‍तान इस जीत के साथ ही अपनी अवे टेस्‍ट में 8 मैचों की हार के सबसे लंबे सिलसिले को भी खत्‍म कर दिया है। इससे पहले उसने जुलाई 2023 में श्रीलंका के खिलाफ आखिरी जीत दर्ज की थी।

वेस्‍टइंडीज नहीं खत्‍म कर सकी 26 साल की जीत का सूखा

बता दें कि वेस्टइंडीज के पास इस सीरीज में 26 साल बाद पाकिस्‍तान के खिलाफ सीरीज जीतने के सूखे को खत्‍म करने का मौका था। उसने पहला टेस्‍ट जीतकर इस सिलसिले का खत्‍म करने के इरादे भी जाहिर कर दिए थे, लेकिन पाकिस्‍तान ने दूसरा टेस्‍ट जीतकर उसकी उम्‍मीदों पर पानी फेर दिया। वेस्‍टइंडीज ने पाकिस्‍तान के खिलाफ आखिरी टेस्‍ट सीरीज 2000 में जीती थी। पाकिस्तान ने पिछली 9 सीरीज में से चार जीती है, जबकि पांच ड्रॉ रही हैं।

वेस्‍टइंडीज ने पहली पारी में बनाए 344 रन

मैच की बात करें तो वेस्‍टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 344 रन बनाए। कप्तान रोस्टन चेज ने जस्टिन ग्रीव्स के साथ छठे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की। रोस्टन चेज 70 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ग्रीव्स ने 73 रन की पारी खेली। इनके अलावा, ब्रैंडन किंग ने 46 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से साजिद खान ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए।

पाकिस्‍तान ने पहली पारी में बनाई 43 रन की बढ़त

इसके जवाब में पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 387 रन बनाकर 43 रन की बढ़त हासिल की। इस पारी में अब्दुल्ला शफीक ने कप्तान बाबर आजम के साथ तीसरे विकेट के लिए 183 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बाबर ने 11 बाउंड्री के साथ 88 रन बनाए, जबकि शफीक 18 बाउंड्री के साथ 160 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारी में जोमेल वारिकन ने सर्वाधिक 6 विकेट अपने नाम किए।

वेस्‍टइंडीज दूसरी पारी में सिर्फ 117 रन पर ढेर

वेस्टइंडीज दूसरी पारी में 46.1 ओवरों का सामना करते हुए सिर्फ 117 रन पर ढेर हो गई। टैगेनारिन चंद्रपॉल (17) ने कावेम हॉज (34) के साथ पहले विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम बिखर गई। इस पारी में सिर्फ पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके। चोटिल ब्रैंडन किंग इस पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। पाकिस्तान की तरफ से अली उस्मान और साजिद खान ने 4-4 विकेट अपने नाम किए।

बाबर आजम और अब्दुल्ला शफीक दिलाई आसान जीत

पाकिस्तान को दूसरी पारी में जीत के लिए सिर्फ 75 रन की दरकार थी। आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 15 के स्कोर पर इमाम-उल-हक (9) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 42 के स्कोर पर अजान ओवैस (18) भी पवेलियन लौट गए। यहां से कप्तान बाबर आजम ने अब्दुल्ला शफीक के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई।

Updated on:
06 Aug 2026 07:50 am
Published on:
06 Aug 2026 07:49 am