Women's T20 World Cup की मेजबानी के लिए भारत से भी पूछा गया था लेकिन देश में मॉनसून सीजन की वजह से जय शाह ने साफ इनकार कर दिया था।
Women's T20 World Cup 2024: आईसीसी वूमेंस टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन UAE में होगा। यह टूर्नामेंट पहले बांग्लादेश में खेला जाना था लेकिन राजनीतिक उथल पुथल की वजह से आईसीसी ने इस मल्टी नेशन इवेंट को वहां से संयुक्त अरब अमिरात में शिफ्ट कर दिया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी मेंबर्स की एक मीटिंग में वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 को बांग्लादेश से यूएई शिफ्ट करने का फैसला किया गया। सबसे बड़ी बात ये है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भी इसमें कोई आपत्ति नहीं है।
बता दें कि आईसीसी ने विश्व कप की मेज़बानी के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सामने प्रस्ताव रखा था। लेकिन जय शाह ने साफ़ तौर पर मना कर दिया। उन्होंने बताया था कि हमारे यहां ये समय बरसात का है और उससे अहम है कि अगले साल हमें ही वूमेंस वनडे विश्व कप की मेज़बानी करनी है। ऐसे में किसी को भी ग़लत संदेश नहीं देना चाहता कि हम लगातार दो विश्व कप की मेज़बानी करना चाहते हैं।” बांग्लादेश इस समय सरकार विरोधी आंदोलनों के कारण हिंसा और सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है और यही वजह है कि आईसीसी बांग्लादेश की जगह किसी और को मेज़बानी देने का फैसला किया।
अब तक 8 बार वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ है, जिसमें से 6 बार ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम ने खिताब जीता है। इंग्लैंड पहले संस्करण की चैंपियन रही थी तो 2016 में भारत की मेजबानी में आयोजित टूर्नामेंट को वेस्टइंडीज ने जीता था। UAE में पहली बार यह टूर्नामेंट आयोजित होने जा रहा है। हालांकि मेंस टूर्नामेंट UAE में 2021 में आयोजित हो चुका है।