
Babar Azam's stunning relay catch set the tone in their T20 World Cup 2026 opener against the Netherlands in Colombo. (फोटो सोर्स: espncricinfo)
T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने अपनी पुरानी गलतियों को पीछे छोड़ते हुए फील्डिंग का बेहतरीन नमूना पेश किया। कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में बाबर आजम (Babar Azam) के एक शानदार रिले कैच (Relay Catch) ने मैच का रुख बदल दिया। ज्यादातर देखा गया है कि पाकिस्तान ICC टूर्नामेंट में संघर्ष करता है। पिछले वर्ल्ड कप में उन्हें अमेरिका जैसी नई टीम ने हरा दिया था, लेकिन आज, शनिवार, 7 फरवरी को कोलंबो के SSC मैदान पर पाकिस्तान ने अपनी जबरदस्त फील्डिंग से सबको हैरान कर दिया। नीदरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम ने 19.3 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाते हुए जीत हासिल की।
पारी के चौथे ओवर में नीदरलैंड के ओपनर माइकल लेविट ने मोहम्मद नवाज की गेंद पर एक जोरदार शॉट खेला। ऐसा लग रहा था कि गेंद बाउंड्री के बाहर जाएगी, लेकिन तभी बाबर आजम दौड़ते हुए आए और हवा में उछलकर गेंद को लपक लिया। जब उन्हें अहसास हुआ कि वह बाउंड्री लाइन के बाहर गिर जाएंगे, तो उन्होंने गजब की फुर्ती दिखाते हुए गेंद को अंदर की तरफ फेंक दिया। पास खड़े शाहीन अफरीदी ने उस गेंद को पकड़कर कैच पूरा किया। लेविट 24 रन बनाकर आउट हुए और पूरा स्टेडियम इस कैच को देख दंग रह गया।
इस तरह के कैच को लेकर अक्सर विवाद होता रहा है। 2025 के राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में भी ऐसा ही एक कैच हुआ था, जिसे अंपायर ने 'नॉट आउट' दिया था। हालांकि, विशेषज्ञों ने बाद में उसे अंपायर की गलती बताया था। लेकिन बाबर का यह कैच पूरी तरह साफ और नियमों के अनुसार टेक्स्टबुक परफेक्ट था।
बाबर यहीं नहीं रुके, उन्होंने बाद में बास डी लीडे का भी एक मुश्किल और नीचा कैच पकड़ा। पाकिस्तान की फील्डिंग इस बार पूरी तरह चुस्त नजर आई। वही मैच में शानदार गेंदबाजी देखने को मिली। सलमान मिर्जा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सईम अयूब को 2-2 विकेट मिले। पाकिस्तान ने पूरे मैच में कुल 9 कैच पकड़े। विकेटकीपर उस्मान खान और कप्तान सलमान अली आगा ने भी अच्छे कैच लपके। एक समय मजबूत दिख रही नीदरलैंड की टीम ने अपने आखिरी 7 विकेट सिर्फ 42 रनों के अंदर खो दिए। हालांकि नीदरलैंड के खिलाफ जीत हासिल करने में पाकिस्तान को मशक्कत करनी पड़ी।
2026 की शुरुआत में ही बाबर आजम पाकिस्तान के लिए T20 में सबसे ज्यादा कैच (66 कैच) लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) मिलाकर भी उनके नाम पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा 176 कैच दर्ज हैं।
Updated on:
07 Feb 2026 05:30 pm
Published on:
07 Feb 2026 04:50 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 World Cup 2026
