
WPL 2027 के पांचवें सीजन की नीलामी कोच्चि में आयोजित हो रही है। इस नीलामी में कुल 146 खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं, जिनमें से सिर्फ 27 खिलाड़ियों को टीमें चुनेंगी। महिला प्रीमियर लीग (WPL) की शुरुआत 2023 में हुई थी। तब से अब तक इसके चार संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। महिला प्रीमियर लीग भले ही कमाई के मामले में आईपीएल की तुलना में अभी काफी पीछे है, लेकिन धीरे-धीरे इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है। आइए, WPL के इतिहास में सबसे महंगी पांच खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं।
महिला प्रीमियर लीग के पहले संस्करण में सबसे बड़ी बोली भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना पर लगी थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने उन्हें 3.40 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। स्मृति मंधाना तब से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा हैं। उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अच्छा-खासा अनुभव है।
महिला प्रीमियर लीग के पहले संस्करण में ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर को गुजरात जायंट्स ने 3.20 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। उस समय उनका बेस प्राइस 50 लाख रुपए था। उन्हें खरीदने के लिए मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन गुजरात जायंट्स ने बाजी मार ली।
इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट को मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग 2023 की नीलामी में 3.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। वह बेहतरीन ऑलराउंडरों में शुमार हैं। गेंदबाजी के साथ-साथ मध्यक्रम में अपनी बल्लेबाजी से भी वह मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं।
भारतीय टीम की भरोसेमंद ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को यूपी वॉरियर्स ने महिला प्रीमियर लीग के 2026 सीजन में 3.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। दीप्ति अपनी गेंदबाजी से विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं देती हैं। वहीं, अपनी बल्लेबाजी से भी वह मैच का रुख पलटने की क्षमता रखती हैं।
न्यूजीलैंड की अमेलिया केर को 2026 सीजन में मुंबई इंडियंस ने 3 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। अमेलिया अपनी लेग-ब्रेक गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं। वह गेंद और बल्ले, दोनों से टीम के लिए अहम योगदान देने की क्षमता रखती हैं।