
WTC 2025-27 के फाइनल में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया की राह अब आसान नहीं रह गई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद टीम इंडिया WTC पॉइंट टेबल में पिछड़ गई है। हालांकि, फाइनल की उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं। टीम इंडिया के पास अपने बचे हुए शेष मैचों में शानदार प्रदर्शन करके वापसी करने का मौका है। हालांकि टीम इंडिया शेष सभी मैचों में जीत ही काफी नहीं होगी, बल्कि उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
टीम इंडिया ने मौजूदा WTC चक्र में अब तक 12 टेस्ट खेले हैं। इनमें उसे पांच में जीत, चार में हार और तीन मुकाबलों में ड्रॉ का सामना करना पड़ा है। इस प्रदर्शन के साथ भारत का अंक प्रतिशत 50.00 है।
टीम इंडिया को अब न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टेस्ट और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले साल जनवरी में घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट खेलने हैं। अगर टीम इंडिया अपने सभी छह मुकाबले जीत लेती है तो उसका अंक प्रतिशत बढ़कर 66.67 हो जाएगा। यह उसे फाइनल की दौड़ में मजबूत स्थिति में पहुंचा सकता है।
वहीं, यदि टीम इंडिया 5 जीत और एक ड्रॉ की स्थिति में भारत का PCT 62.96 रहेगा। अगर टीम 5 मैच जीतती है और एक हार जाती है तो उसका अंक प्रतिशत 61.11 तक गिर जाएगा। ऐसे में हर मुकाबला टीम इंडिया के लिए बेहद अहम होगा।
टीम इंडिया के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज सबसे महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। अगर टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट हारने के बाद भी ऑस्ट्रेलिया को घरेलू मैदान पर 5-0 से हरा देती है, तो वह कंगारू टीम से आगे निकल सकती है।
इस स्थिति में ऑस्ट्रेलिया अपने बाकी मुकाबलों में अधिकतम 4 जीत हासिल कर पाएगा और उसका अंक प्रतिशत 59.09 रहेगा। यानी टीम इंडिया के पास ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ने का अच्छा मौका होगा।
टीम इंडिया के लिए न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ना भी जरूरी होगा। फिलहाल कीवी टीम 66.67% अंक प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। ऐसे में भारत को अपने बाकी टेस्ट जीतने के साथ न्यूजीलैंड की हार की भी उम्मीद करनी होगी।
अगर टीम इंडिया 6 में से 5 टेस्ट जीतता है और एक हारता है, तो उसका अंक प्रतिशत 61.11 हो जाएगा। इस स्थिति में न्यूजीलैंड को अपने बाकी 9 टेस्ट में 4 हारना होगा। तभी भारत के लिए WTC फाइनल में पहुंचने की उम्मीद मजबूत हो सकती है।
मौजूदा WTC पॉइंट टेबल में दक्षिण अफ्रीका 75 अंक प्रतिशत के साथ पहले और ऑस्ट्रेलिया 69.23 अंक प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड 66.67 अंक प्रतिशत के साथ तीसरे और भारत 50 अंक प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है। ऐसे में भारत को सिर्फ अपने प्रदर्शन पर ध्यान देने के बजाय शीर्ष तीन टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी।
गौरतलब है कि WTC के फाइनल में पॉइंट टेबल की शीर्ष दो टीमें जगह बनाती हैं। कुल मिलाकर टीम इंडिया के पास फाइनल में पहुंचने का मौका जरूर है, हालांकि इसके लिए उसे बाकी छह टेस्ट में कम से कम पांच जीत हासिल करने की कोशिश करनी होगी। हालांकि आखिरी फैसला दूसरी टीमों के प्रदर्शन और अंक तालिका के समीकरणों पर भी निर्भर करेगा।