क्रिकेट

युवराज सिंह का गौतम गंभीर को मैसेज! रोहित-विराट का नाम लिए बिना बताया World Cup 2027 जीतने का खास प्लान

Yuvraj Singh on Rohit Sharma-Virat Kohli: टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी को लेकर टीम में अचानक बदलाव करने से बचने और कोर ग्रुप पर भरोसा बनाए रखने की सलाह दी है। युवराज सिंह ने मैच विनर्स और हार्दिक पांड्या की फिटनेस को भी अहम बताया।
2 min read
Sep 16, 2026
yuvraj singh, rohit sharma and virat kohli
युवराज सिंह, रोहित शर्मा और विराट कोहली (फोटो- IANS)

Yuvraj Singh on Team India World Cup 2027: टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने रोहित शर्मा के वनडे वर्ल्डकप 2027 में खेलने की चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की है। 2011 वर्ल्डकप के प्लेयर ऑफ द मैच रहे युवराज सिंह ने वर्ल्डकप 2027 के लिए टीम में बड़े बदलाव न करने की सलाह दी है। युवराज सिंह ने कहा कि आईसीसी की ट्रॉफी जीतने के लिए लंबे समय तक टीम में स्थिरता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि जो पिछले हार मिली है, उसकी वजह अचानक टीम में बदलाव रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा है कि चयनकर्ताओं को अभी से 16 से 20 खिलाड़ियों का एक ग्रुप बनाना चाहिए, जो वर्ल्ड कप पर फोकस करें।

24 साल बाद साउथ अफ्रीका में वर्ल्डकप

आईसीसी क्रिकेट वर्ल्डकप 2027 की मेजबानी साउथ अफ्रीका के साथ जिंबॉब्वे और नामीबिया मिलकर करने जा रहे हैं। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 2003 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी, जहां भारतीय टीम फाइनल पहुंची थी। 2023 में भी भारतीय टीम फाइनल में पहुंची थी, लेकिन उनका खिताब जीतने का सपना ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ दिया था और 2003 में भी ऑस्ट्रेलिया ने ही खिताब जीतने का सपना तोड़ा था। ऐसे में एक बार फिर से भारतीय टीम खिताब जीतने के इरादे से साउथ अफ्रीका जाएगी। उससे पहले टीम इंडिया के दो सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली के करियर पर भी तलवार लटकी हुई है।

हार्दिक पंड्या को भी बताया अहम

युवराज सिंह ने कहा है कि 50 ओवर के गेम में कोर ग्रुप को लगातार मैच खेलने का मौका देने से उनका आत्मविश्वास मजबूत होता है। उन्होंने कहा है कि साउथ अफ्रीका की पिच पर तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर्स की भूमिका सबसे अहम होने वाली है। ऐसे में हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर नजरें होंगी।

युवराज सिंह ने चयनकर्ताओं को सलाह दी है और बताया कि उन्हें मुख्य रूप से ऐसे मैच विनर को चुनने पर ध्यान देना चाहिए, जो अकेले अपने दम पर मैच का रुख बदल देने की क्षमता रखते हैं, भले उनके पास दूसरी स्किल हो या ना हो। युवराज सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट से पहले बड़े बदलाव करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा है कि जब भी भारत लड़खड़ाया है, तब ऐसा हुआ है जब आखिरी समय पर बदलाव किए गए हैं। मुझे लगता है कि यह जरूरी है कि हम टीम पर भरोसा बनाए रखें, जो वर्ल्ड कप जीत सकती है। उस समय तक उन खिलाड़ियों का साथ दें, भले वह फेल हों या पास। टीम पर भरोसा होना बहुत जरूरी है।

2011 के बाद टीम नहीं जीत पाई वर्ल्डकप

उन्होंने कहा है कि वनडे वर्ल्डकप में सफलता के लिए ऑस्ट्रेलिया के पुराने तरीकों पर ध्यान देना चाहिए, जो लगातार जीत रही है। वह अपनी टीम में अलग-अलग मैच विनर रखते हैं, जो अकेले दम पर मैच जीत सकते हैं और मुश्किल समय में एकजुट होकर खेल सकते हैं। टीम इंडिया ने 1983 के बाद दूसरा वर्ल्डकप 2011 में जीता लेकिन उसके बाद अब तक इंतजार खत्म नहीं हुआ है।

Updated on:
16 Sept 2026 01:20 pm
Published on:
16 Sept 2026 01:20 pm
Also Read
View All