
संजू सैमसन (फोटो- IANS)
India vs Afghanistan 2nd T20 Update: भारत के खिलाफ अफगानिस्तान को दूसरे टी20 मुकाबले में भी एकतरफा हार झेलनी पड़ी। मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे T20 मैच में भी अफगानिस्तान को 7 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। पहले मुकाबले में भी टीम इसी अंतर से हार गई थी। सीरीज गंवाने के बाद अफगानिस्तानी कप्तान इब्राहिम जादरान ने बताया कि किस नाकामी की वजह से टीम का ये हाल हो रहा है।
अफगानिस्तान ने दूसरे टी20 में 100 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे। वहां से मोहम्मद नबी और राशिद खान ने मिलकर अफगानिस्तान को 150 के पार पहुंचाया। लगातार दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान 160 के आंकड़े को छूने में नाकाम रही और 159 रन बना सकी। जवाब में संजू सैमसन की धमाकेदार पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 14.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के गेंदबाजों को शुरुआती 6 ओवरों में हावी होने का मौका मिल गया। जादरान ने कहा कि पहले मैच के बाद टीम ने ज्यादा आक्रामक रवैया अपनाने की जरूरत पर चर्चा की थी, लेकिन वे उन योजनाओं को असल में लागू नहीं कर पाए। उन्होंने कहा, " हमें वो शुरुआत नहीं मिली, जो हम चाहते थे, लेकिन एक ग्रुप के तौर पर हमने इस बारे में सोचा: कैसे सुधार करें, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह रवैया कैसे अपनाएं और उसे कैसे बनाए रखें, खासकर बड़ी टीमों के खिलाफ। मैं कहूंगा कि हमने पावरप्ले में अच्छा नहीं खेला।"
जादरान ने आगे कहा, "इसलिए हमें वहां गति नहीं मिली। उन्होंने हम पर दबाव बनाया। मैं गेंदबाजों को श्रेय देता हूं। हम उस क्षेत्र में सुधार करने के बारे में सोचेंगे, और फिर मुझे यकीन है कि हम इंटरनेशनल क्रिकेट की सबसे बड़ी टीम के खिलाफ मुकाबला करेंगे।" अफगानिस्तान के कप्तान ने बताया कि पहले मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में इस बात पर ध्यान दिया गया था कि टीम का स्कोर 150-160 के दायरे से आगे बढ़कर 200 के आंकड़े तक पहुंचे। हालांकि, टीम आक्रामक इरादा दिखाने में नाकाम रही।
उन्होंने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि अगर हमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे बड़ी टीम को हराना है, तो हम इस मामले में सुधार करेंगे। लेकिन मैं यह कहूंगा कि यह इस साल हमारा दूसरा मैच था। हमें ज्यादा मैच खेलने को नहीं मिले। इसलिए, जैसा कि मैंने पहले कहा, हम इस बारे में सोचेंगे।" भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाएगा, उसके बाद दोनों टीमें जापान के लिए रवाना होंगी, जहां एशियन गेम्स क्रिकेट टूर्नामेंट में इन दोनों टीनों को हिस्सा लेना है।
Updated on:
16 Sept 2026 09:09 am
Published on:
16 Sept 2026 09:09 am
