
गौतम गंभीर के साथ डगआउट में बैठे खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ (फोटो- IANS)
Sanju Samson Reaction on Being Drop From Playing 11: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में संजू सैमसन ने 57 रन की धमाकेदार पारी खेली। टी20 वर्ल्डकप 2026 के बाद यह उनका पहला अर्धशतक था। इस पारी से उन्होंने आलोचकों की बोलती तो बंद कर ही दी, साथ ही अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी बड़ा बयान दिया। इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर पहले दो मैचों के बाद प्लेइंग 11 से ड्रॉप होने की पूरी कहानी भी बताई।
संजू सैमसन ने मंगलवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए दूसरे T20 मुकाबले में अर्धशतक पूरा किया। सीरीज के पहले T20 में 8 गेंदों पर 10 रन बनाने वाले सैमसन ने इस मुकाबले में 22 गेंदों पर 4 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 57 रन की बेहतरीन पारी खेली।
मैच के बाद संजू सैमसन से टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी से मिल रही चुनौती पर सवाल किया गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा, "यह मुश्किल है, लेकिन वह समझते हैं कि सभी क्रिकेटर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और सभी का लक्ष्य देश के लिए जीत हासिल करना है। टॉप ऑर्डर में हर कोई अच्छा खेल रहा है। मैं उन्हीं चीजों को कर सकता हूं, जो मेरे कंट्रोल में हैं।"
प्लेइंग 11 चुनने को लेकर पूछे गए सवाल पर सैमसन ने कहा, "मुझे लगता है कि यह बहुत मुश्किल जगह है, पूरी टीम मैनेजमेंट और हर किसी के लिए। कप्तान, कोच और चयनकर्ता सभी के लिए मुश्किल है। सभी बहुत अच्छे हैं और सभी प्रदर्शन कर रहे हैं। सभी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा परफॉर्म करते रहने का सही मौका दिया जाना चाहिए। मैं अपने प्रतियोगियों के साथ सकारात्मक रहने की कोशिश करता हूं। मुझे लगता है कि वे (अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी) बाहरी दुनिया के लिए कॉम्पिटिटर हैं, लेकिन हम एक टीम हैं और हम एक देश के लिए खेल रहे हैं और हम पहले गेम जीतना चाहते हैं, और फिर यह दूसरे लोगों पर निर्भर करता है।"
वैभव सूर्यवंशी के लिए सैमसन ने कहा, "आप एक 15 साल के लड़के को देखते हैं जो IPL में 700-800 रन बनाकर आया है। मैं उससे पहले से खेल रहा हूं। उसने बहुत अच्छा परफॉर्म किया। उसे किसी न किसी तरह से टीम में आना ही था। मैंने 2-3 गेम में अच्छा परफॉर्म नहीं किया, और वह फॉर्म में था, और हम उस सीरीज में जीतना चाहते थे। नेतृत्व के नजरिए से मैं यह समझता हूं। मैं खुद भी IPL में बतौर कप्तान ऐसी स्थिति में रहा हूं।"
उन्होंने कहा, "यहीं पर संवाद की जरूरत पड़ती है। हेड कोच से जरूरी संवाद हुआ। इंग्लैंड सीरीज के दौरान काफी संवाद हुआ था। इस सीरीज से पहले भी उनसे (गौतम गंभीर) काफी बातचीत हुई थी। एक लीडरशिप ग्रुप के तौर पर, हम टीम को सबसे पहले रखते हुए कुछ बहुत मुश्किल फैसले ले रहे हैं। इसलिए, इसका क्रेडिट हमारी टीम के लीडरशिप ग्रुप को जाता है।"
Updated on:
16 Sept 2026 09:52 am
Published on:
16 Sept 2026 09:52 am
