
Zaheer Khan become CSK head coach for IPL 2027: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2027) के अगले सीजन को लेकर सबसे बड़ी घोषणा कर दी है, जिसका फैंस को लंबे समय से बेसब्री से इंतजार था। सीएसके ने पूर्व भारतीय पेसर ज़हीर खान को आईपीएल 2027 के लिए अपना हेड कोच बनाने की घोषणा कर दी है। बता दें कि फ्रैंचाइजी में जहीर स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे। फ्लेमिंग ने 2009 से लेकर 2026 तक सीएसके में हेड कोच की भूमिका निभाई।
सीएसके का हेड कोच बनने पर जहीर खान ने कहा कि आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना सम्मान की बात है। बतौर क्रिकेटर मैंने मैदान पर सीएसके का सामना किया है और मुकाबलों का पूरा मजा लिया है। चेपॉक में सुपरफैंस ने जो माहौल बनाया है, वह इसे और भी खास बनाता है। मैं इतने शानदार इतिहास वाली इस लेगेसी फ्रैंचाइजी में शामिल होने का इंतजार नहीं कर सकता।
वहीं, फ्रैंचाइजी मालिक रूपा गुरुनाथ ने जहीर का स्वागत करते हुए कहा कि हमें चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच के तौर पर जहीर खान को कन्फर्म करते हुए खुशी हो रही है। जहीर का शानदार खेल करियर और युवा टैलेंट को निखारने की काबिलियत उन्हें हमारे सेटअप के लिए एक कीमती चीज बनाती है। हमें यकीन है कि उनकी गाइडेंस इस फ्रैंचाइजी के कोर को मजबूत करने में मदद करेगी।
बता दें कि जहीर खान इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं। 2017 में आईपीएल से संन्यास लेने के बाद से दुनिया की इस सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में अलग-अलग पदों पर काम कर चुके हैं। उन्हें 2019 के आईपीएल से पहले एमआई का क्रिकेट ऑपरेशंस डायरेक्टर बनाया गया था। इसके बाद उन्होंने बतौर ग्लोबल डेवलपमेंट के हेड भी काम किया। आईपीएल 2025 के सीजन के लिए उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स का मेंटर बनाया गया था, लेकिन अगले ही सीजन से पहले उन्होंने फ्रेंचाइजी छोड़ दी।