क्रिकेट

Zim vs Aus: ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ODI में जिम्बाब्वे को 84 रन से रौंदा, सीरीज पर भी 2-0 से किया कब्जा

Zim vs Aus 2nd ODI Highlights: ऑस्‍ट्रेलिया ने मेजबान जिम्‍बाब्‍वे को तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले 84 से शिकस्‍त दी है। इसके साथ ही उसने सीरीज पर भी 2-0 से कब्‍जा कर लिया है।
2 min read
Sep 18, 2026
Zim vs Aus 2nd ODI Highlights, Adam Zampa and Josh Inglis,
जिम्‍बाब्‍वे के विकेट का जश्‍न मनाते एडम जम्‍पा और जोश इंगलिस। (फोटो सोर्स: cricinfo)

Zimbabwe vs Australia 2nd ODI Highlights: जिम्‍बाब्‍वे की मेजबानी में खेली जा रही तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में मेहमान ऑस्‍ट्रेलिया ने 84 रन से जीत दर्ज की है। इसके साथ ही उसने सीरीज पर 2-0 से कब्‍जा कर लिया है, क्‍योंकि पहले मैच में ऑस्‍ट्रेलिया टीम ने 59 रनों के अंतर से जीत दर्ज की थी। वहीं, इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी कंगारू टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 356 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए थे। इसके जवाब में जिम्‍बाब्‍वे की टीम महज 272 रन पर ऑलआउट हो गई।

2 साल बाद घर के बाहर जीती बाइलेटरल वनडे सीरीज

बता दें कि ऑस्‍ट्रेलिया सितंबर 2024 के बाद से घर के बाहर कोई द्विपक्षीय एकदिवसीय सीरीज नहीं जीता है। ये जीत दो साल के बाद आई है। इससे पहले कंगारू टीम पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ लगातार दो सीरीज हार चुकी है।

ऑस्‍ट्रेलिया ने जिम्‍बाब्‍वे के खिलाफ बनाया सबसे बड़ा स्‍कोर

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी ऑस्‍ट्रेलिया की टीम ने जिम्‍बाब्‍वे के खिलाफ 356 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए। यह वनडे इंटरनेशनल में उसका जिम्‍बाब्‍वे के खिलाफ सबसे बड़ा टोटल है। ऑस्‍ट्रेलिया की ओर से कप्‍तान मिचेल मार्श ने जहां 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, तो वहीं ट्रैविस हेड ने महज 84 गेंदों पर 15 चौके और तीन छक्‍कों की मदद से 112 रन की शतकीय पारी खेली। जबकि कूपर कोनोली ने 69 गेंदों पर 78 रन बनाए। जिम्‍बाब्‍वे की ओर से ब्राड इवांस ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट, तो वेलिंगटन मसाकाद्ज़ा ने दो विकेट अपने नाम किए।

272 के स्‍कोर पर सिमटी जिम्‍बाब्‍वे की टीम

357 रन के विशाल लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी जिम्‍बाब्‍वे की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। उसने 46 के स्‍कोर पर अपना पहला विकेट ब्रायन बेनेट के रूप में गंवाया। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम मजह 272 के स्‍कोर पर ढेर हो गई और ऑस्‍ट्रेलिया ने 84 रन के अंतर से बड़ी जीत के साथ सीरीज पर भी 2-0 से कब्‍जा कर लिया। जिम्‍बाब्‍वे के लिए कप्‍तान सिकंदर रजा ने सबसे ज्‍यादा 45 रन बनाए। इसके अलावा अन्‍य कोई बल्‍लेबाज 40 के आंकड़े को नहीं छू सका। वहीं, ऑस्‍ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड, कूपर कोनोली, मैथ्‍यू रेनशॉ और एडम जम्‍पा ने दो-दो विकेट चटकाए।