क्रिकेट

IND-W vs ZIM-W, 1st ODI: बिलव्ड बिजा का अर्धशतक, जिम्बाब्वे ने भारत को दिया आसान लक्ष्य

India vs Zimbabwe Women ODI: वडोदरा में खेले जा रहे पहले वनडे में जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम 197 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत को जीत के लिए 198 रनों का लक्ष्य मिला।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 6:32 PM IST
India Women vs Zimbabwe Women, 1st ODI
भारतीय महिला क्रिकेट टीम। (Photo- X/@BCCIWomen

India Women vs Zimbabwe Women: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए मेजबान टीम को 197 रन पर ऑलआउट कर दिया। इस तरह जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम से भारत को जीत के लिए 198 रन का लक्ष्य मिला है। कोटांबी स्थित बीसीए स्टेडियम में खेले जा रहे तीन मैचों की सीरीज के पहले मैच में स्पिनर श्री चरणी ने चार विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। क्रांति गौड़ ने भी तीन विकेट झटककर जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

शुरुआती झटके के बाद संभली जिम्बाब्वे

भारत से टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। क्रांति गौड़ ने तीसरे ओवर में लॉरिन फिरी को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। हालांकि इस दौरान भारत की फील्डिंग खराब रही। शुरुआती ओवरों में कैच छोड़कर जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को मौके भी दिए। जिम्बाब्वे ने पावरप्ले तक एक विकेट पर 46 रन बना लिए थे।

श्री चरणी ने पलटा मैच का रुख

कप्तान स्मृति मंधाना ने गेंद श्री चरणी को सौंपी और उन्होंने चिपो मुगेरी-तिरिपानो को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। इसके बाद चरणी ने मोडेस्टर मुपाचिक्वा को कैच आउट कराकर जिम्बाब्वे को तीसरा बड़ा झटका दिया। दीप्ति शर्मा ने शार्ने मेयर्स को आउट करके भारतीय टीम की स्थिति और मजबूत कर दी।

बिजा ने खेली संघर्षपूर्ण अर्धशतकीय पारी

लगातार विकेट गिरने के बीच बिलव्ड बिजा ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने न्याशा ग्वान्जुरा और चिएद्जा धुरुरु के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। बिजा ने 92 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 62 रन बनाए। वहीं, मिशेल मावुंगा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 29 रन जोड़े और टीम को 160 रन के पार पहुंचाने में मदद की।

भारतीय गेंदबाजों ने नहीं दिया वापसी का मौका

श्री चरणी ने मावुंगा को आउट कर अपना चौथा विकेट पूरा किया। शेफाली वर्मा ने कप्तान नोमवेलो सिबांडा को एलबीडब्ल्यू आउट किया, जबकि क्रांति गौड़ ने बिजा को आउट किया। दीप्ति शर्मा ने तेंदाई मकुशा का विकेट लेकर जिम्बाब्वे की पारी समाप्त कर दी।

भारत की ओर से श्री चरणी ने 10 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट लिए। क्रांति गौड़ को तीन और दीप्ति शर्मा को दो विकेट मिले। शेफाली वर्मा ने एक विकेट हासिल किया।

Updated on:
23 Oct 2026, 6:32 PM IST
Published on: