सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा है कि वो 18 घंटे पढ़ाई करने के बाद यूपीएससी की परीक्षा पास नहीं कर पाई।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पढ़ने वाली एक छात्रा ने इसलिए आत्महत्या कर ली, क्योंकि वो यूपीएससी की परीक्षा को पास नहीं कर पाई। लड़की के शव के पास से मिले एक सुसाइड नोट में कुछ ऐसा ही बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली 27 साल की छात्रा नॉर्थ कैंपस के इलाके में ही एक अपार्टमेंट लेकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। बीते शनिवार को पुलिस को लड़की का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस को पहले तो हत्या की आशंका लगी, लेकिन बाद में शव के पास से मिले सुसाइड नोट से ये पता चला कि वो यूपीएससी क्लियर ना कर पाने की वजह से मौत को गले लगा रही है।
18 घंटे पढ़ाई करने के बाद भी नहीं पास कर पाई यूपीएससी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्रा की पहचान शिल्पी के रूप में हुई है। पुलिस का मानना है कि शिल्पी की मौत तीन दिन पहले हो गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस भी इसे आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है। तिमारपुर थाना एरिया में शनिवार को शिल्पी का शव बंद कमरे में मिला। शव के पास से पुलिस को मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि वो आईएएस अफसर बनना चाहती थी, लेकिन तीन बार कोशिश के बाद भी वो ऐसा नहीं कर पाई। सुसाइड नोट में लिखा है कि वो रोजाना 18 घंटे पढ़ती थी। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत सही कारणों का पता चल सकेगा।
परिजनों के कमरे पर आने के बाद बेटी का मिला शव
वहीं इस मामले में मृतका के परिजनों का कहना है कि पिछले कई दिनों से वो शिल्पी को फोन कर रहे थे, लेकिन उससे बात नहीं हो पा रही थी। शनिवार सुबह जब घरवाले उसके रूम पर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद पाया, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई। पुलिस शिल्पी के परिजनों से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि यूपीएससी की कंबाइड परीक्षा इसी साल जुलाई में आयोजित की गई थी, जिसका रिजल्ट 26 सितंबर को जारी किया गया था। यूपीएससी के रिजल्ट को भी तीन दिन ही हुए हैं और लड़की की मौत भी तीन दिन पहले ही हुई है।