
पुलिस ने संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को दस्तयाब किया (फोटो-एआई)
Bangladeshi Woman Found at Abu Road Hotel: सिरोही जिले के आबूरोड में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक होटल से संदिग्ध रूप से ठहराव कर रही बांग्लादेशी महिला को दस्तयाब किया है। मामला सदर थाना क्षेत्र के केशव होटल का है। जहां सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में लिया। फिलहाल, सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियां महिला से गहन पूछताछ कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, रोहिड़ा थाना पुलिस को मुखबिर से केशव होटल में एक संदिग्ध विदेशी महिला के रुकने की पक्की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने होटल में दबिश देकर महिला को दस्तयाब किया और थाने लाकर प्रारंभिक पूछताछ की। इसके बाद सुरक्षा और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए महिला को सिरोही स्थित 'वन स्टॉप सखी सेंटर' भेज दिया गया है।
जिला विशेष शाखा (डीएसबी) सिरोही द्वारा की गई प्राथमिक पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान 36 वर्षीय रूमा अख्तर पुत्री मोहम्मद अबुल बशर चौधरी, निवासी ढाका (बांग्लादेश) के रूप में बताई है। महिला भारत में किस मार्ग से दाखिल हुई और आबूरोड क्षेत्र में उसके आने का मुख्य मकसद क्या था, पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं।
पुलिस प्रशासन महिला को उसके देश बांग्लादेश वापस भेजने (प्रत्यावर्तन) की कानूनी प्रक्रिया में जुट गया है। इसके लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) पश्चिम बंगाल, राजस्थान गृह विभाग और आसूचना ब्यूरो (IB) पश्चिम बंगाल के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि जरूरी दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई पूरी की जा सके।
सिरोही जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले सवा दो महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो आबूरोड से 11 और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माउंट आबू से 1 सहित कुल 12 संदिग्ध बांग्लादेशी महिलाओं को पुलिस दस्तयाब कर चुकी है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या महिला के बांग्लादेशी अथवा अवैध नागरिक होने का अंदेशा हो, तो तुरंत सिरोही पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9530431323 पर सूचना दें।
Updated on:
06 Sept 2026 06:58 pm
Published on:
06 Sept 2026 06:58 pm
