24 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Sirohi : शिक्षा विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का अनोखा आंदोलन, स्कूल में लगाया ताला, ढोलक-मंजीरे के साथ किया प्रदर्शन

Sirohi : सिरोही के नागाणी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उडवारिया में शिक्षकों की मांग को लेकर आंदोलन का अनोखा तरीका अपनाते हुए ढोलक-मंजीरे के साथ भजन गाकर सरकार को जगाने का प्रयास किया।
2 min read
Google source verification
Rajasthan Sirohi villager Unique movement against Udwariya School Nagani

Sirohi : शिक्षकों की मांग के लिए स्कूल में तालाबंदी, ढोलक-मंजीरे के साथ किया प्रदर्शन। फोटो पत्रिका

Sirohi : सिरोही के नागाणी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उडवारिया में लंबे समय से चल रही शिक्षकों की कमी को लेकर सोमवार को विद्यार्थियों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। साथ आंदोलन का अनोखा तरीका अपनाते हुए ढोलक-मंजीरे के साथ भजन गाकर सरकार को जगाने का प्रयास किया। सूचना पर अनादरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की, लेकिन ग्रामीण शिक्षक नियुक्त करने की मांग पर अड़े रहे।

शिक्षकों के 22 में से 11 पद रिक्त

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में शिक्षकों के कुल 22 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में महज 11 शिक्षक ही कार्यरत हैं। लंबे समय से 11 पद रिक्त पड़े होने के कारण विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विद्यालय में करीब 400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, ऐसे में पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

15 दिनों से कर रहे थे शिक्षकों की मांग

ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षकों की कमी को लेकर पिछले करीब 15 दिनों से लगातार जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की जा रही थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने सोमवार को विद्यालय की तालाबंदी कर आंदोलन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें तालाबंदी जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

दो शिक्षक लगाने की मांग पर माने

विरोध-प्रदर्शन की सूचना पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों ने हाल ही में तबादला होकर विद्यालय से गए दो शिक्षकों को वापस विद्यालय में लगाने की मांग प्रमुखता से रखी। अधिकारियों की ओर से समाधान का आश्वासन दिए जाने के बावजूद ग्रामीण लिखित आश्वासन पर अड़े रहे। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त करने पर सहमति जताई। इसके बाद विद्यालय का ताला खोला और विद्यार्थियों को वापस कक्षाओं में भेजा गया।

इनका कहना हैं…

ग्रामीणों ने शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर धरना दिया था। सूचना पर मौके पर जा कर ग्रामीणों से चर्चा की और दो शिक्षकों की नियुक्ति कर धरना समाप्त करवाया।
मुकेश चौधरी, आरपी, सीबीईओ ऑफिस रेवदर