क्राइम

बिहार: नीतीश के राज में बेखौफ अपराधी, बेटे के सामने कारोबारी बाप का कत्ल

अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 15 Sep 2018, 2:55 PM IST
CRIME
DEMO PICTURE

बिहार। सुशासन बाबू के नाम से मशहूर नीतीश कुमार का राज्य फिर से चर्चा में है। इस बार मामला हत्या का है। बिहार में लगातार अपराध से जुड़े हुए मामले सामने आ रहे हैं। अब एक और कारोबारी की हत्या से राजधानी पटना में सनसनी फैल गई है।

पांच-छह बदमाशों ने चलाई गोली

खबरों के मुताबिक, बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर में बदमाशों ने शुक्रवार रात बल्ब कारखाने के मालिक की गोली मारकर हत्या कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, दानापुर थाना क्षेत्र के इमलीतल मुहल्ले के रहने वाले व्यवसायी मुकेश कुमार उर्फ मुकुल रात को अपने चार साल के बेटे वेदांश के साथ बाजार से लौट रहे थे कि तभी घर से कुछ ही दूरी पर लगभग पांच से छह बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से घटनास्थल पर ही मुकेश की मौत हो गई जबकि उनका बेटा बाल-बाल बच गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

नहीं हुई गिरफ्तारी

दानापुर के सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने शनिवार को बताया कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। संदिग्ध अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मुकेश ने हवा में फायर करने और नशीले पदार्थों का सेवन करने के मामले में कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया था। कुछ लोग ये मुकदमा वापस लेने के लिए उस पर लगातार दबाव बना रहे थे। जिस तरीके की खबरें बिहार से आ रही हैं उससे लगता है कि बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। विपक्ष भी नीतीश सरकार पर लगातार हमला बोल रहा है। जंगल राज के आरोप लग रहे हैं।

Updated on:
15 Sep 2018, 2:55 PM IST
Published on: