
नई दिल्ली। बिहार के सुपौल से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंचे दिल्ली पुलिस के दो जवान खुद ही गिरफ्तार हो गए। दोनों दिल्ली पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार दिल्ली के रोहिणी निवासी एक व्यक्ति ने थाने में अपनी बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि अपहरणकर्ता बिहार के सुपौल में छिपा है। इसी संबंध में दिल्ली पुलिस के दो जवान अपहरणकर्ता को पकड़ने सुपौल आए थे। सुपौल पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार और उसके साथी ने यहां चकला निर्मली इलाके में छोपेमारी कर एक युवक को दबोच लिया।
दोनों ही पुलिसकर्मी शराब के नशे में धुत्त
दरअसल, आरोपी की धरपकड़ के दौरान दोनों ही पुलिसकर्मी शराब के नशे में धुत्त थे। जिसकी सूचना वहां के स्थानीय लोगों ने उत्पाद विभाग को दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों पुलिसकर्मियों का ब्रेथ एनालाइजर किया तो शराब पीने की पुष्टि हो गई। इस पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अपहरण की जांच मामले में आए थे सुपौल
उत्पाद विभाग के अनुसार दिल्ली के रोहिणी थाने के एएसआई एस दत्त और हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार लड़की के अपहरण की जांच मामले में सुपौल आए थे। एक अधिकारी ने कहा कि जिस लड़की को अगवा बताया जा रहा है, वास्तव में वह बिहारी गंज निवासी एक युवक से प्यार करती है और उसके साथ शादी कर चुकी है। लिहाजा युवती के पिता की ओर लगाए गए सारे आरोप निराधार हैं।