गोलीकांड के दिन गनर महिपाल और बेटे ध्रुव के बीच इस वजह से हुआ था झगड़ा।
नई दिल्ली। अडिशनल सेशन एवं डिस्ट्रिक्ट जज कृष्णकांत शर्मा के गनर ने पत्नी और बेटे को बीते शनिवार गुरुग्राम के अतिव्यस्त मार्केट में दिन दहाड़े गोलीमार दी थी। अब इस मामले में नया खुलासा हुआ है। जज की पत्नी रितु ने मरने से पहले उस दिन जो हुआ उसकी पूरी कहानी बताई है। मरने से पहले रितु ने बताया कि गनर ने कार ड्राइविंग के विवाद में गोली मारी थी। बता दें कि जज की पत्नी की अस्पताल में रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं, बेटे ध्रुव को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड बताया है।
कार की चाबी के लिए हुआ था झगड़ा
जज की पत्नी ने कृष्णकांत को मरने से पहले बताया कि गोलीकांड के दिन गनर महिपाल और बेटे ध्रुव के बीच कार की चाबी के लिए झगड़ा हुआ था। इस बात पर गुस्से में आकर गनर महिपाल ने गोली चला दी। जज ने ये सारी बातें पुलिस को बताई और गनर के खिलाफ केस दर्ज कराया है। वहीं, जहां यह वारदात हुए मार्केट की सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों से भी ऐसी ही बात सामने आई है।
जज की पत्नी ने मरने से पहले बताई ये बात...
जज की पत्नी रितु ने बताया कि शनिवार के दिन बेटे ध्रुव और गनर के बीच कार ड्राइविंग को लेकर विवाद इतना आगे बढ़ा कि गनर गुस्से में बेकाबू हो गया और कुछ देर बाद ही वह ध्रुव को गालियां देने लगा। गनर को गालियां देता देख पीछे बैठी जज की पत्नी बीच-बचाव के लिए बाहर निकल आई। इसके बाद आरोपी महिपाल ने रितु को वहीं पर पीटना शुरू कर दिया। ये सब देश ध्रुव मां को बचाने के लिए गनर से उलझ पड़ा, तभी देखते ही देखते महिपाल ने रितु पर दो गोलियां दाग दीं। वहीं इसके बाद ध्रुव को उसने सिर में गोली मारी। साथ ही दो और गोलियां उस पर चला दीं। बता दें कि जो बातें रितु ने मरने से पहले अपने पति कृष्णकांत को बताई, वही बातें वहां मौजूद चश्मदीदों और बाजार में लगी सीसीटीवी फुटेज से भी सामने आई।
गोली मारने के बाद गालियां दिए जा रहा था गनर
जहां यह पूरा घटनाक्रम हुआ वहां मार्केट में एक युवक फूड शॉप लगाता है। उसने ये पूरी घटना अपनी आखों से देखी थी। उस युवक ने बताया कि जज की पत्नी और बेटे को गोली मारने के बाद गनर कार में बैठकर भागने लगा था। लेकिन घटना के बाद रोड पर जाम लग गया। फिर उसने कार पीछे की और नीचे उतरकर गालियां देने लगा। इसके बाद उसने बेसुध पड़े ध्रुव को खींचकर कार में डालने की कोशिश की। लेकिन दो नाकाम कोशिश के बाद वह उसे सड़क पर ही फेंककर कार लेकर भाग गया।
गनर को शैतान की तरह दिखते थे दोनों
बता दें कि गनर हत्या की वजह को लेकर पुलिस को अलग-अलग कहानियां बता रहा है। उसने बताया कि ईसाई बनने के बाद वह हॉलिवुड मूवी देखने लगा। ऐसी ही एक मूवी में उसने शैतान को मारने की कहानी देखी। उसे रितु और ध्रुव दोनों उस फिल्म के शैतान की तरह ही दिखे। दोनों ही मुझे उसी शैतान की तरह परेशान करते थे। वहीं, इससे पहले आरोपी गनर ने हत्या के पीछे धर्म परिवर्तन, घऱ का काम कराना, छु्ट्टी ना देना जैसी कई वजह पुलिस को बताई थी।