
राजस्थान पुलिस। पत्रिका फाइल फोटो
नागौर। राजस्थान के नागौर जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। बरड़वा थाना क्षेत्र के तेजपुरा गांव में देवर और भाभी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बीच भाभी और उसके बच्चों ने देवर के साथ लाठियों से मारपीट की। इस दौरान सिर पर लाठी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की रिपोर्ट के आधार पर भाभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पूर्णाराम (52) पुत्र गोपीराम के रूप में हुई है। वह तेजपुरा गांव का निवासी था और संयुक्त परिवार में रहता था। रविवार शाम को पूर्णाराम और उसकी भाभी नोजी देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान नोजी देवी और उसके बच्चों ने पूर्णाराम के साथ लाठियों से मारपीट की। इसी दौरान उसके सिर पर लाठी लग गई, जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। घायल पूर्णाराम को तत्काल डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बरड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की रिपोर्ट के आधार पर नोजी देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में देवर-भाभी के बीच विवाद के दौरान सिर पर चोट लगने से मौत होने की बात सामने आई है।
पुलिस दर्ज रिपोर्ट के आधार पर आरोपी महिला की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
27 Oct 2026, 10:59 AM IST
Published on:
27 Oct 2026, 10:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.