
मृतक महिला कमला कांकरिया (पत्रिका फोटो)
Bhilwara Murder Case: भीलवाड़ा शहर के वीर सावरकर चौक क्षेत्र से लापता 70 वर्षीय कमला कांकरिया (जैन) की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर रवि तापड़िया ने अपने साथी हीरा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। आरोपियों ने कथित तौर पर महिला की हत्या करने के बाद शव को रवि के मकान की छत पर जला दिया और पहचान मिटाने के लिए हड्डियों और अन्य अवशेषों को बाल्टी और कट्टों में भरकर कोठारी नदी के पास फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, नदी क्षेत्र में शव के अवशेष तलाशे जा रहे हैं।
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी के मुताबिक, महिला के परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि खाना बनाने का काम करने वाली बुजुर्ग महिला घर पर नहीं है और मकान का मुख्य गेट खुला हुआ है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरके कॉलोनी निवासी हिस्ट्रीशीटर रवि तापड़िया का नाम सामने आया। वह मृतका के घर अक्सर आता-जाता था। महिला के पति से भी उसकी दोस्ती बताई जा रही है।
पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पूछताछ की तो रवि तापड़िया पर संदेह गहराया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह महिला को सुभाषनगर क्षेत्र में बड़ी पुलिया के पास छोड़कर अपने घर चला गया था। हालांकि, पुलिस ने जब करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, उसने अपने साथी हीरा के साथ मिलकर महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि महिला की हत्या के बाद आधी रात को उसके शव को अपने ही मकान की छत पर जला दिया। इसके बाद पहचान मिटाने और साक्ष्य छिपाने के लिए हड्डियों और शव के अन्य अवशेषों को बाल्टी व कट्टों में भरकर कोठारी नदी के पास बड़ी पुलिया क्षेत्र में फेंक दिया। आरोपी पूछताछ के दौरान हत्या की जगह को लेकर अलग-अलग जानकारी दे रहा था। ऐसे में पुलिस उसके बयानों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
मृतका के पास 15 तोले से अधिक सोने के जेवर होने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि तापड़िया और उसके साथी हीरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपाधीक्षक सज्जन सिंह राठौड़ और भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी की मौजूदगी में कोठारी नदी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोरों की मदद से हड्डियों और शव के अन्य अवशेषों को तलाशने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Updated on:
27 Oct 2026, 2:45 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 2:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.