23 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भीलवाड़ा पंचायत चुनाव 2026: 9 पंचायत समितियों में 62.98% मतदान, बिजौलियां टॉप पर; 20 नवंबर को आएगा फैसला

भीलवाड़ा जिले की 9 पंचायत समितियों में प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। 8.94 लाख में से 5.63 लाख मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग कर कुल 62.98% वोटिंग दर्ज की। बिजौलियां 76.52% के साथ अव्वल रहा, जबकि करेड़ा 54.16% पर सुस्त रहा।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भीलवाड़ा

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 23 Oct 2026, 9:32 AM IST

bhilwara panchayat polls 2026

घूंघट में मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार करती हुई महिलाएं (पत्रिका फोटो)

Bhilwara Panchayat Election 2026: भीलवाड़ा जिले में पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण के तहत जिले की नौ पंचायत समितियों में छिटपुट नोकझोंक को छोड़कर गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। दिन चढ़ने के साथ ही मतदाताओं का उत्साह भी परवान चढ़ा। जिले में 5,63,613 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान प्रतिशत 62.98 रहा। इसके साथ ही 28 जिला परिषद सदस्यों के लिए मैदान में उतरे 72 और 177 पंचायत समिति सदस्यों के लिए चुनाव लड़ रहे 466 प्रत्याशियों समेत कुल 538 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में लॉक हो गया।

मतदान समाप्ति के बाद देर रात तक तिलक नगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और हथियारबंद पुलिस जाब्ते के बीच ईवीएम सील की गईं। अब 20 नवंबर को मतगणना के साथ यह तय होगा कि जनता ने गांव की सरकार की कमान किसे सौंपी है।

ईवीएम ने दिया धोखा

कोटड़ी पंचायत समिति की लसाड़िया ग्राम पंचायत स्थित मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू नहीं हो सका। मशीन में खराबी आने के बाद प्रशासन ने करीब सवा आठ बजे दूसरी ईवीएम लगाकर मतदान शुरू करवाया।

मांडल के करिया और बागौर के लेसवा मतदान केंद्रों पर मॉक पोल के दौरान ही मशीनों में खराबी सामने आ गई। इन्हें समय रहते बदल दिया गया। बरुंदनी क्षेत्र के सिंगोली चारभुजा में भी बटन में आई तकनीकी दिक्कत दूर करने के बाद मतदान सुचारू रूप से शुरू हुआ।

सुवाणा स्थित एक स्कूल के बूथ संख्या 208 पर सुबह 8:40 बजे ईवीएम के एक बटन ने काम करना बंद कर दिया। उस समय तक जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए 52-52 वोट डाले जा चुके थे। सूचना पर पहुंचे निर्वाचन अधिकारियों (आरओ) ने कंट्रोल यूनिट और दो बैलेट यूनिट बदलीं। इसके बाद सुबह 9:20 बजे मतदान दोबारा शुरू हुआ। इस दौरान वार्ड 8, 9 और 10 के मतदाता करीब 40 मिनट तक कतारों में खड़े रहे।

बिजौलियां में 76.52 प्रतिशत वोटिंग

आंकड़ों के लिहाज से बिजौलियां पंचायत समिति में मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। खनन बहुल इस क्षेत्र में सर्वाधिक 76.52 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, करेड़ा पंचायत समिति 54.16 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे निचले पायदान पर रही।

पंचायत समितिवार मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा

  • बिजौलियां : 76.52 प्रतिशत
  • कोटड़ी : 66.13 प्रतिशत
  • सुवाणा : 64.35 प्रतिशत
  • मांडल : 64.06 प्रतिशत
  • खजूरी : 62.22 प्रतिशत
  • बनेड़ा : 60.85 प्रतिशत
  • मांडलगढ़ : 60.78 प्रतिशत
  • जहाजपुर : 60.46 प्रतिशत
  • करेड़ा : 54.16 प्रतिशत

कहीं प्रतिष्ठा तो कहीं विरासत बचाने की जंग

प्रथम चरण के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के कई कद्दावर नेताओं तथा राजनीतिक घरानों की प्रतिष्ठा दांव पर है। वार्ड 29 सुवाणा से पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर की पत्नी सरोज देवी गुर्जर भाजपा की ओर से मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस की सुनीता देवी कौशिक ने ताल ठोक रखी है। यहां जिले के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक है। वार्ड 44 बिजौलियां में खनन कारोबार से जुड़े दिग्गजों के बीच सीधी भिड़ंत है। दोनों दलों के प्रत्याशी बड़े खनन कारोबारी हैं। मांडलगढ़ के पूर्व प्रधान और रामलाल जाट के करीबी कैलाश चंद्र मीणा (कांग्रेस) तथा भाजपा के दिग्गज कारोबारी नरोत्तम धाकड़ के बीच मुकाबला देखने को मिला।

वार्ड 10 मांडल में तीन दशक पुराने राजनीतिक दबदबे की परीक्षा है। कोटड़ी के डीडवानिया परिवार की तीसरी पीढ़ी से सत्यप्रकाश डीडवानिया कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। उनके दादा और चाचा दोनों प्रधान रह चुके हैं। वार्ड 12 मांडल से दिवंगत पूर्व विधायक विजय सिंह के पुत्र दुर्गपाल सिंह कांग्रेस के टिकट पर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने उतरे हैं। वार्ड 28 और 30 मांडल में बागियों और पदाधिकारियों की अग्निपरीक्षा है। वार्ड 28 में दरीबा सरपंच प्रीति अहीर के पति रतनलाल अहीर भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। वहीं, वार्ड 30 में भाजपा से बगावत कर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे कमल सिंह पुरावत ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

201 केंद्रों पर कड़ा पहरा

जिले के 201 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर हथियारबंद जवानों की तैनाती रही। सुरक्षा जांच के बाद ही मतदाताओं को केंद्र के भीतर प्रवेश दिया गया। बूथ के अंदर मोबाइल ले जाने पर पूरी तरह रोक रही। मतदान केंद्र पहुंचे प्रत्येक मतदाता ने दो बार बटन दबाए। पहला वोट जिला परिषद सदस्य और दूसरा पंचायत समिति सदस्य के लिए डाला गया।

पहले चरण की 326 ग्राम पंचायतों में आज नामांकन, कल मतदान

भीलवाड़ा। जिले में ग्रामीण सरकार चुनने के लिए चुनावी महासमर शुरू हो चुका है। प्रथम चरण में नौ पंचायत समितियों की 326 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 2,872 वार्ड पंचों के निर्वाचन के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल किए जाएंगे।

नामांकन से लेकर चुनाव चिह्न आवंटन तक की चुनावी प्रक्रिया शुक्रवार को ही पूरी होगी, जबकि शनिवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। प्रथम चरण में कुल 8,91,353 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान के लिए प्रशासन की ओर से 1,110 बूथ स्थापित किए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया बैलेट पेपर के जरिए संपन्न कराई जाएगी।

शुक्रवार दोपहर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतपत्रों पर प्रत्याशियों के नाम दर्ज करने का काम देर रात तक चलेगा।

पोस्टर-बैनर से पटे गांव

ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार तेज कर रखा है। गांवों में जगह-जगह पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। कई गांवों में मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। मतदान के दिन शनिवार को गांवों में चुनावी माहौल देखने को मिलेगा।

सुपरफास्ट चुनावी टाइमटेबल : छह घंटे में तय होंगे चेहरे

  • सुबह 8 से नामांकन शुरू और 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे।
  • सुबह 11:30 बजे तक प्राप्त नामांकनों की संवीक्षा होगी।
  • दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का अंतिम समय रहेगा।
  • दोपहर 2 बजे के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
  • शनिवार सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

पंचायतवार स्थिति

पंचायत समितिसरपंच पदवार्ड पंच
बिजौलियां26216
जहाजपुर32288
खजूरी27217
कोटड़ी46183
मांडलगढ़39339
बनेड़ा29289
करेड़ा37279
मांडल36336
सुवाणा54725
कुल3262,872

भीलवाड़ा पंचायत चुनाव: पंचायत समितिवार मतदान प्रतिशत

पंचायत समितिवार्डमतदाता10 बजे मतदान1 बजे मतदान3 बजे मतदान6 बजे मतदानअंतिम मतदान प्रतिशत
बनेड़ा1791,40010.39%28.17%40.54%58.22%60.85%
बिजौलियां1559,27017.01%34.48%54.27%75.61%76.52%
जहाजपुर1793,29911.65%27.98%38.96%59.57%60.46%
करेड़ा1795,25912.84%28.89%39.99%53.52%54.16%
कोटड़ी271,38,6519.76%30.08%43.62%63.59%66.13%
खजूरी1567,74413.61%30.71%42.58%60.49%62.22%
मांडल211,06,03610.14%31.86%44.59%61.58%64.06%
मांडलगढ़211,02,55910.61%24.25%39.79%59.63%60.78%
सुवाणा271,40,7009.73%29.16%42.84%62.09%64.35%
कुल1778,94,91811.29%29.27%42.61%61.19%62.98%

बड़ी खबरें

View All

भीलवाड़ा

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026