
हैदराबाद। हैदराबाद के शादनगर कस्बे के पास बीते 6 दिसंबर को हुए हैदराबाद एनकाउंटर की जांच का आदेश देने के बाद अब तेलंगाना सरकार ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस एनकाउंटर के दौरान पुलिस ने एक पशु चिकित्सक युवती से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के चार आरोपियों को मार डाला था। इस आठ सदस्यीय एसआईटी का नेतृत्व राचकोंडा पुलिस आयुक्त महेश एम भागवत करेंगे। एसआईटी में शामिल अन्य अधिकारियों में एक महिला समेत राज्य के विभिन्न भागों के अधिकारी हैं।
एसआईटी के गठन का सरकारी आदेश (जीओ) रविवार देर जारी किया गया। इस बीच राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) का एक दल आरोपियों की हत्या की जांच शुरू कर चुका है।
वैसे आरोपियों की त्वरित रूप से हत्या की लोगों ने सराहना की। लोग अपराधियों को तत्काल मौत की सजा दिए जाने की मांग कर रहे थे, लेकिन अधिकार समूहों ने पुलिस द्वारा कानून को अपने हाथों में लिए जाने की निंदा की है।
जीओ में कहा गया है कि एसआईटी का गठन पीपुल्स यूनियन ऑफ सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) बनाम महाराष्ट्र राज्य और अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार किया गया है। ऐसे मामलों की जांच किसी अन्य पुलिस थाने की पुलिस टीम के एक वरिष्ठ अधिकारी की देखरेख में स्वतंत्र जांच एजेंसी को सौंपी जाएगी।
गौरतलब है कि महिला पशु चिकित्सक डॉ. दिशा (बदला हुआ नाम) से हैदराबाद के बाहरी इलाके शमशाबाद में 27 नवंबर को सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसके शव को शादनगर कस्बे के पास जला दिया गया। शादनगर कस्बा, हैदराबाद से करीब 50 किमी दूर है। दोनों अपराध स्थल साइबराबाद पुलिस की सीमा में आते हैं।
इसके बाद 6 दिसंबर तड़के तेलंगाना पुलिस डॉ. दिशा का गैंगरेप और मर्डर करने वाले चारों आरोपियों को क्राइम सीन रीक्रिएट कराने घटनास्थल पर ले गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस कमिश्नर वी सज्जनार ने बताया कि चारों आरोपियों मोहम्मद आरिफ, जोलू शिवा, जोलू नवीन और चिंताकुटा को रिमांड के चौथे दिन बाहर लेकर गए और उन्होंने सबूत दिए।
शुक्रवार सुबह उन्हें आगे के सबूत इकट्ठा करने के लिए लेकर आए थे, लेकिन उन्होंने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। दो पुलिसवालों के हथियार छीने गए थे, जिसके बाद पुलिस ने पहले चेतावनी दी और न मानने पर आरोपियों पर फायरिंग करनी पड़ी। चारों आरोपियों की मौत गोली लगने से ही हुई है। इस एनकाउंटर के दौरा दौरान एक सब इंस्पेक्टर और कॉन्स्टेबल घायल भी हुआ।