जामिया इलाके में रविवार को हुई थी हिंसा और विरोध प्रदर्शन। मंगलवार को साकेत कोर्ट में सुनवाई हुई। इन आरोपियों को आगामी 31 दिसंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में।
नई दिल्ली। राजधानी स्थित जामिया इलाके में रविवार को हुई हिंसा और विरोध प्रदर्शन को लेकर मंगलवार को साकेत कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान अदालत ने जामिया इलाके में हिंसा के आरोप में 6 आरोपियों को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक इन छह आरोपियों को आगामी 31 दिसंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में रखा जाएगा। वहीं, आरोपियों की ओर से अदालत में पेश वकीलों ने दावा किया कि इन्हें उनके बैकग्राउंड के कारण हिरासत में लिया गया।
इस संबंध में साकेत कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से पूछा कि क्या इन आरोपियों के खिलाफ पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके जवाब में दिल्ली पुलिस ने कहा कि पेश किए गए लोग पहले भी इस तरह के मामलों में आरोपी रह चुके हैं।
गौरतलब है कि रविवार को साउथ दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में जमकर हिंसा हुई। प्रदर्शनकारियों ने 3 बसों और अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा पुलिस की दो बाइकें भी फूंक दी गई। दमकल की दो गाड़ियों के अलावा कई प्राइवेट कारों में तोड़फोड़ हुई।
हिंसक प्रदर्शन पर काबू पाने आई पुलिस पर छात्रों ने पथराव कर दिया। इसमें दिल्ली पुलिस के 2 जवान जख्मी हो गए। जिसके बाद पुलिस कार्रवाई में जामिया के करीब 60 छात्र भी घायल हो गए। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे।