क्राइम

खुलेआम महिलाओं के साथ ऐसी हरकत… 45 VIDEOS ने मचा दी खलबली, अब इंस्टा अकाउंट को बंद कराने में जुटी पुलिस

बेंगलुरु में पुलिस ने 26 साल के युवक को गिरफ्तार किया है, जो सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की चुपके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता था। आरोपी ने अब तक 45 ऐसे वीडियो पोस्ट किए हैं। इस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

2 min read
Jul 10, 2025
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

पुलिस ने एक 26 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। उसपर आरोप है कि वह पब्लिक प्लेस में महिलाओं का चुपके से वीडियो बनाता था। इसके बाद उन वीडियोज को सोशल मीडिया पर अपलोड करता था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अब तक इस तरह के 45 वीडियोज सोशल मीडिया पर अपलोड किए थे। यह घटना बेंगलुरु की बताई जा रही है।

शिकायत के बाद एक्टिव हुई पुलिस

बेंगलुरु पुलिस ने गुरुवार को युवक को सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के वीडियो रिकॉर्ड करने और उन्हें आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत करने के बाद सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में गिरफ्तार किया।

आरोपी की पहचान गुरुदीप सिंह के रूप में हुई है। बनशंकरी पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब एक वीडियो में दिख रही एक महिला ने इंस्टाग्राम पर बेंगलुरु पुलिस विभाग को टैग करके कार्रवाई की मांग की।

कुछ हफ्ते दर्ज हुई थी प्राथमिकी

इस मामले में डीसीपी (दक्षिण) लोकेश जगलासर ने बताया कि बनशंकरी पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई एक प्राथमिकी के आधार पर व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो महिलाओं की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाकर उन्हें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करता था।

यह प्राथमिकी कुछ हफ्ते पहले दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस फिलहाल आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट को बंद करने की प्रक्रिया में है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चर्च स्ट्रीट जैसे सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सहमति के बिना उनके वीडियो अपलोड कर रहा था। पीड़ितों में से एक होने का दावा करने वाली एक युवती ने इंस्टाग्राम पर अपना अनुभव साझा किया, जिससे बवाल मच गया।

वीडियो अपलोड होने के बाद महिला को आने लगे गंदे-गंदे मैसेज

घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली एक महिला ने बताया कि उसका एक वीडियो अपलोड होने के बाद उसे गंदे गंदे मैसेज आने लगे। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 (2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एफआईआर में कहा गया है कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के आगे और पीछे से वीडियो बनाता था और इंस्टाग्राम पर ऐसे 45 वीडियो अपलोड कर चुका था। एफआईआर में यह भी कहा गया है कि ऐसा करके आरोपी ने महिलाओं की निजता का उल्लंघन किया है और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई है।

Published on:
10 Jul 2025 01:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर