शेल्टर हाउस में रही एक लड़की ने खुलासा किया कि उनका हर रोज दुष्कर्म किया जाता था, जब वह इसका विरोध करतीं तो न केवल उनके साथ मारपीट की जाती थी, बल्कि उन पर खोलता तेल डालते थे।
पटना। सीबीआई ने मुजफ्फरपुर शेल्टर होम दुष्कर्म मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस प्रकरण में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। शेल्टर हाउस में रही एक लड़की ने खुलासा किया कि उनका हर रोज दुष्कर्म किया जाता था। जब वह इसका विरोध करतीं तो न केवल उनके साथ मारपीट की जाती थी, बल्कि उन पर खोलता तेल डालते थे। यहां तक कि गंदे काम से बचने के लिए कुछ लड़कियां शीशे से अपने शरीर को काट तक लेती थी।
शेल्टर होम की खुदाई
पीड़िताओं में से एक ने बताया कि शेल्टर होम संचालक बृजेश लड़कियों को अपने ऑफिस में बुलाता था, जिसके बाद उनके साथ गंदा काम किया जाता था। जब लड़कियां उसका विरोध करती थी तो उन पर गर्म तेल या गर्म पानी भी फेंका जाता था। गंदे काम से परेशान कई लड़कियों ने खिड़की की कांच से अपने हाथ-पैरों को काट लिया था, जिससे उनकी ऐसी हालत देख उनसे गंदा काम ना कराया जा सके। दरअसल, लड़कियों ने यह बयान तब दिया जब शनिवार उनको पटना की पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया।
आती थी चिल्लाने की आवाज
वहीं, शेल्टर होम के आसपास रहने वाले लोगों ने भी वहां संदिग्ध गतिविधियों की बात स्वीकारी है। उनका कहना था देर रात शेल्टर हाउस से लड़कियों की चिल्लाने की आवाजें आती थीं। उन्होंने बताया शेल्टर होम शेल्टर होम में लड़कियों पर सख्त पहरा था। किसी भी लड़की को छत पर टहलने या फिर परिसर से बाहर ताकझांक करने की अनुमति नहीं तो। अगर कोई लड़की ऐसा करती थी तो उसको तरह-तरह की यातनाएं दी जाती थीं। आपको बता दें कि शेल्टर होम में रहने वाली लड़कियों में से अब तक 34 के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है।