
नई दिल्ली। उत्तराखंड के कालागढ़ में एक मानवता की सारी हदें तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अधेड़ पड़ोसी युवक ने 5 साल की बच्ची के साथ रेप करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी होने पर आक्रोशित लोगों ने इकट्ठा होकर आरोपी की पिटाई कर दी। इसके बाद घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बामुश्किल लोगों को शांत कराते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप के प्रयास व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना कालागढ़ स्थित एक रिहायशी कॉलोनी की है। कॉलोनी से एक पांच वर्षीय बच्ची अपने परिजनों के साथ पड़ोस में ही एक विवाह समारोह में भाग लेने गई थी। इसी शादी में उसका पड़ोसी भी आया हुआ था। जैसे ही बच्ची के परिजन वैवाहिक कार्यक्रम में व्यस्त हो गए तो मौका पाकर युवक बच्ची को बहला फुसलाकर नजदीक के ही एक मकान के पीछे ले गया। यहां युवक ने बच्ची के साथ रेप का प्रयास किया। जैसे ही घबराई बच्ची ने शोर मचाया तो वहां से गुजर रहे लोगों का उस पर ध्यान गया। इस पर लोगों ने आरोपी को पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई की और घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।
घटना की जानकारी देते हुए कालागढ़ एसओ विजय सिंह ने बताया कि अनिल कुमार पुत्र सूरज के खिलाफ रेप के प्रयास और पोक्सो के तहत केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया गया कि पीड़ित बच्ची को मेडिकल चेकअप के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।