क्राइम

ओडिशाः डकैत बोले, ‘बोहनी खराब कर दी, अगर कहीं और की होती डकैती तो पैसे देकर जाते’

पूरी बोहनी खराब कर दी। अगर कहीं और डकैती डाली होती तो तुम लोगों को पैसे देकर जाते। डकैतों ने घर में मौजूद सभी लोगों को कब्जे में ले लिया और फिर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लूटकर फरार हो गए।
2 min read
डकैती
डकैती

भुवनेश्वर। ओडिशा के झारसुगुड़ा में डकैती का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां सबरहाल के प्रगति मार्ग स्थित घर में पहुंचे पांच डकैतों ने जब कोना-कोना खंगाला तो उन्हें उम्मीद से बहुत कम रकम मिली। इसपर वो गुस्सा गए और बोले कि पूरी बोहनी खराब कर दी। अगर कहीं और डकैती डाली होती तो तुम लोगों को पैसे देकर जाते। डकैतों ने घर में मौजूद सभी लोगों को कब्जे में ले लिया और फिर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लूटकर फरार हो गए।

डकैतों ने जाते-जाते सभी लोगों को बाथरूम में भी बंद कर दिया। जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरबहाल के प्रगति मार्ग में ठेकेदार विजय झुनझुनवाला अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके यहां तीन लाख रुपये की डकैती हुई है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित विजय ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 2.30 बजेे सभी सदस्य खाना खाने जा रहे थे। इस दौरान ही अचानक पांच हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने तमंचे लहराते हुए घर के सभी सदस्यों को एक साथ बैठा दिया। फिर बदमाशों ने बेटे को तमंचे के बल पर ले लिया और अलमारी की चाबी मांगी। बदमाशों ने अलमारी में रखे आठ हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए और फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक जैसे ही पांचों डकैत घर में घुसे तो उनके सामने सबसे पहले भवनस्वामी विजय झुनझुनवाला ही आ गए। जैसे ही झुनझुनवाला ने डकैतों को तंमचे के साथ देखा, उनकी हालत खराब हो गई और वो बेहोश हो गए। जब डकैत घर से बाहर चले गए तब उनके चेहरे पर पानी छिड़का गया और वो होश में लौटे।

बताया जाता है कि डकैतों ने विजय झुनझुनवाला के परिजनों के साथ न कोई अभद्रता की और न ही मारपीट। डकैतों ने उनसे यह भी कहा कि उन्हें पुख्ता जानकारी मिली थी कि घर में 50 लाख रुपये रखे रखे हुए हैं। इसके बाद ही वो घर में डकैती के लिए पहुंचे। इस घटना की सबसे अनोखी बात यह रही कि डकैतों को जब उम्मीद के मुताबिक रकम नहीं मिली तो उन्होंने कहा, "आपके घर में पहली डकैती डालकर हमारी आज की बोहनी बेकार हो गई। अगर हमनें आज कहीं और डकैती डाली होती तो उल्टा आप लोगों को पैसे देकर जाते।"

सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस ने डॉग स्क्वैड के मौका मुआयना किया। पुलिस ने घरवालों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही वो पांचों डकैतों को गिरफ्तार कर लेगी।

Published on:
02 Oct 2018 03:12 pm