जानकारी के मुताबिक, ओला कैब ड्राइवर और यात्री के बीच गाड़ी की डिग्गी में सामान रखने को लेकर विवाद हो गया था।
नई दिल्ली। अक्सर यात्रियों के साथ विवाद को लेकर या फिर अजीबोगरीब हरकत की वजह से ओला या उबर कंपनियों के ड्राइवर सुर्खियों में रहते हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला राजधानी दिल्ली से सामने आया है, जहां ओला के एक ड्राइवर ने यात्री को गाड़ी के बोनट पर बिठाकर करीब 500 मीटर तक घुमाया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
500 मीटर तक यात्री को बोनट पर कराया सफर
बताया जा रहा है कि ड्राइवर और यात्री के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद ओला ड्राइवर ने यात्री को गाड़ी के बोनट पर बिठाकर इंदिरा गांधी हवाई अड्डे से करीब 500 मीटर तक गाड़ी के बोनट पर सफर कराया। घटना 2 अप्रैल की बताई जा रही है। स्पाइस जेट की उड़ान से दो अप्रैल को शाम लगभग पांच बजे पोर्ट ब्लेयर से दिल्ली हवाईअड्डे पर के टर्मिनल एक पर पहुंचे एक यात्री ने घर जाने के लिए ओला कैब बुक की।
डिग्गी में सामान रखने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर और यात्री के बीच डिग्गी में सामान रखने को लेकर विवाद हो गया था। यात्री ओला कैब की डिग्गी में अपना सारा सामान रखना चाहता था। वहीं ड्राइवर यात्री को डिग्गी में सामान रखने के लिए मना कर रहा था । ड्राइवर का कहना था कि डिग्गी में सिएनजी सिलेंडर होने के चलते वहां समान रखने की जगह नहीं है। बस इसी बात को लेकर विवाद हो गया और ओला के ड्राइवर ने ही कैब को कैंसिल कर दिया।
ओला के ड्राइवर ने ट्रिप को कर दिया कैंसिल
ड्राइवर के ट्रिप रद्द करने से यात्री गुस्सा हो गया और कैब चालक को रोकने के लिए वह गाड़ी के सामने आ गया। ऐसे में गुस्से में कैब चालक ने गाड़ी चला दी।गाड़ी चलने पर यात्री गाड़ी के बोनट पर बैठ गया। ऐसे में कैब ड्राइवर यात्री को लगभग 500 मीटर तक यात्री को बोनट पर बिठा कर घुमाता रहा।
यात्री को एम्स में कराया गया भर्ती
इसके बाद पुलिस ने गाड़ी को रोक कर यात्री को उतारा। यात्री को गिरने से चोटें भी लगीं। तत्काल यात्री के चोटों की जांच कराने के लिए उसे एम्स ले जाया गया।
आरोपी पुलिस हिरासत में
घटना को लेकर डीसीपी एयरपोर्ट संजय भाटिया के अनुसार यात्री की पत्नी और उनके तीन बच्चे उनके साथ थे। महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में कैब के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।