क्राइम

कश्मीर: चोटी कटवा की अफवाह ने ली बुजुर्ग की जान, लोगों ने प्रदर्शन कर की पत्थरबाजी

जम्मू-कश्मीर में चोटी कटवा का आतंक जारी है।

2 min read
Oct 06, 2017

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में महिलाओं की चोटी कटने को लेकर बिगड़ते हालात के बीच शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर में एक बुजुर्ग की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के दांतर गांव में एक युवती की चोटी कटने की अफवाह फैली। इससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया और लोग सड़कों पर उतर आए। कुछ ही देर में वहां पथराव शुरू हो गया।

पथराव कर रही भीड़ ने एक स्थानीय बुजुर्ग अब्दुल सलाम वानी (70) जो कथित तौर पर अपने खेतों की तरफ से आ रहा था, चोटी काटने वाला समझ उस पर ही ईंट और पत्थरों की बौछार कर दी। एक ईंट उसके सिर पर लगी और वह अचेत होकर वहीं पर गिर पड़ा। जब लोग नजदीक पहुंचे, तो पता चला कि वह स्थानीय बुजुर्ग है।

अब्दुल सलाम को जिला अस्पताल अनंतनाग से शुक्रवार तड़के शेरे कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान सौरा ले जाया गया, जहां वह कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। गौरतलब है कि घाटी में गत दिनों से महिलाओं की चोटी रहस्यमय हालात में कट रही है। इससे पूरी वादी में डर और खौफ का माहौल बना हुआ है। कई जगह लोगों ने बाहरी श्रमिकों को चोटी काटने वाला तत्व समझ पीट दिया है, तो कई जगह अपने प्रेमिका से मिलने जा रहे प्रेमी को प्रेमिका के मोहल्ले वालों ने चोटी काटने वाला समझ बुरी तरह पीटा है। कश्मीर में इस तरह की पिटाई के लगभग एक दर्जन से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।

जानकारी देने वाले को 6 लाख का इनाम
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा के बाद अब जम्मू-कश्मीर में चोटी कटवा का आंतक जारी है। चोटी कटवा के बढ़ते आतंक को देखते हुए लोगों में पुलिस के प्रति नारजगी बढ़ती जा रही है। रविवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इन घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों की जानकारी देने वाले को 6 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। इससे पहले पुलिस ने चोटी कटवा की जानकारी देने पर तीन लाख का इनाम रखा था। पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक चोटी काटने की घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति के बारे में सूचना देने या उसे पकड़वाने में सहायता करने की राशि दोगुनी कर छह लाख रुपये कर दी गई है। सूचना देने वाले शख्स या लोगों का नाम और अन्य जानकारी गोपनीय रखा जाएगा।

Published on:
06 Oct 2017 09:52 pm
Also Read
View All