
ग्वालियर. शहर के बाजार खरीदारों की भीड़ से पैक हैं। महाराजबाड़ा, सराफा बाजार, हजीरा और मुरार के बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। करवाचौथ की खरीदारी के लिए बुधवार को भी इन बाजारों में भारी भीड़ उमड़ेगी। महाराजबाड़ा और सराफा बाजार में ट्रैफिक की हालत देखकर यातायात पुलिस भी मान रही है कि ई-रिक्शा का सिंडीकेट और रॉन्ग साइड ड्रायविंग बड़ी समस्या बन रहे हैं। ई-रिक्शा की भीड़ से बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।रॉन्ग साइड ड्रायविंग रोकने पॉइंट लगाए : पिछले दो दिन से महाराजबाड़ा और सराफा बाजार में ट्रैफिक वॉल्यूम दो लाख वाहनों से ज्यादा रहा है। बाड़े पर आने वाले ज्यादातर वाहन सराफा बाजार होकर निकलते हैं, लेकिन यहां ई-रिक्शा की भीड़ और रॉन्ग साइड ड्रायविंग से जाम लग रहा है। रॉन्ग साइड वाहनों की एंट्री रोकने के लिए गश्त का ताजिया तिराहा और सराफा चौकी पर यातायात पॉइंट तैनात किए गए हैं।
वाहनों का हुजूम, बल की कमी
ट्रैफिक सुचारु चलाने के लिए यातायात पुलिस के सामने बल की कमी बड़ी समस्या है। महाराजबाड़ा, सराफा, ज्येंद्रगंज, नया बाजार, दौलतगंज, लोहिया बाजार, नई सड़क सहित आसपास के बाजारों का ट्रैफिक संभालने की जिम्मेदारी कंपू यातायात थाने की है, लेकिन यहां करीब 60 पुलिसकर्मियों का बल है। त्योहार पर बाजारों में रोज दो से तीन लाख से ज्यादा वाहनों की आवाजाही होने की उम्मीद है। हालात को देखते हुए अतिरिक्त बल मांगा गया है।
जाम के तीन पॉइंट
गांधी मार्केट गोलंबर: ई-रिक्शा चालक सवारियों के लिए चौराहे पर गाड़ियां रोककर खड़े हो रहे हैं, जिससे पीछे का ट्रैफिक रुक जाता है। गांधी गोलंबर से मोर बाजार का रास्ता भी जाम हो रहा है।
एसबीआई के सामने: महाराजबाड़े पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने ई-रिक्शा चालकों ने जबरन स्टैंड बना लिया है। इससे दोनों रास्तों पर लंबा जाम लग रहा है।
सराफा बाजार मोड़: बाड़े से सराफा बाजार जाने वाले रास्ते पर ई-रिक्शा की भीड़ ट्रैफिक जाम कर रही है।
रॉन्ग साइड पर कसावट, पार्किंग चिह्नित होंगी
महाराजबाड़ा और सराफा में ट्रैफिक सुचारु चलाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। सराफा में लोग गश्त का ताजिया और पारख जी का बाड़ा की ओर से आकर रॉन्ग साइड घुसते हैं। यहां ट्रैफिक पॉइंट लगाए हैं। बुधवार को नगर निगम की टीम के साथ अस्थायी पार्किंग के लिए जगह चिह्नित की जाएंगी। ट्रैफिक संचालन के लिए अतिरिक्त बल भी मांगा है।
-अजीत सिंह चौहान, डीएसपी, यातायात