क्राइम

पंजाब के कैदियों ने जेल से किया जेल मंत्री को फोन, दी बधाई

पत्रकारों से बातचीत के दौरान नव नियुक्‍त जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को खुद इस बात की पुष्टि की।
2 min read
• •
Updated: 26 Apr 2018, 5:28 PM IST
punjab

चंडीगढ़ : देश में जेल की सुरक्षा को लेकर तमाम बातें होती रहती है। इसके बावजूद चेकिंग में जेल के भीतर मोबाइल फोन इस्‍तेमाल होने लेकर ड्रग्‍स और हथियार तक मिलते हैं। इसके बाद कुछ दिनों तक चौकसी बढ़ाई जाती है। खूब बातें होती है और फिर मामला ठंडा पड़ जाता है। लेकिन इस बार तो पंजाब के केंद्रीय जेल कपूरथला में बंद कैदियों ने दुस्‍साहस की हद ही कर दी। जेल में बंद दो कैदियों ने जेल की तमाम सुरक्षा व्‍यवस्‍था को धता बताते हुए जेल के भीतर से फोन कर नवनियुक्त जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को जेल मंत्री बनने पर बधाई तक दे डाली। इसके बाद से ही जेल की सुरक्षा व्‍यवस्‍था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं और जेल प्रशासन कठघरे में आ गया है।

जेल मंत्री ने की पु‍ष्टि
पत्रकारों से बातचीत के दौरान नव नियुक्‍त जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को खुद इस बात की पुष्टि की। उन्‍होंने बताया कि मंगलवार को उन्‍हें जेल के कैदियों ने जेल के भीतर से फोन कर उन्‍हें बधाई दी थी। लेकिन इस बारे में विस्‍तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्‍होंने कहा कि मोबाइल फोन का प्रयोग रोकना उनकी प्राथमिकता में है। जब पत्रकारों ने उनसे यह पूछा कि क्या वे मोबाइल का इस्तेमाल कर बधाई देने वाले कैदियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे? तो उन्‍होंने कहा कि सिर्फ बधाई ही दी है, इसलिए कोई बात नहीं।

जेल सुपरिटेंडेंट की दी चेतावनी
हालांकि जेल मंत्री ने जेल सुपरिटेंडेंट को इसके लिए चेतावनी दी है। इसके साथ ही उन्‍होंने यह भी कहा कि जेलों में मोबाइल या अन्य सामान मिलने पर कैदी व हवालाती पर नहीं, बल्कि सीधे जेल सुपरिंटेंडेंट पर कार्रवाई की जाएगी। जबकि जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ललित कोहली ऐसी घटना से इनकार करते हैं।

कैदियों का जेल ट्रांसफर की इजाजत नहीं दी जाएगी
जेल मंत्री रंधावा ने कहा कि नाभा, गुरदासपुर, कपूरथला और पटियाला की जेलें संवेदनशील हैं। इसमें कोई शक नहीं कि जेलों में मोबाइल का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। उन्‍होंने यह भी कहा कि अब जेलों में बंद हवालाती को अदालत में पेश करने के बजाय उनकी वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी की जाएगी। हाईकोर्ट ने पटियाला जेल में अदालत लगाने की आज्ञा भी दे दी है। उन्होंने कहा कि बेहद गंभीर मामलों में बंद कैदियों को एक जेल से दूसरी जेल में ट्रांसफर की इजाजत नहीं दी जाएगी। रंधावा ने जेलों में गैंगस्टरों और कैदियों की गतिविधियों को लगाम लगाने के लिए रणनीति बनाने की भी बात की। उन्होंने कहा कि जेलों में मोबाइल के इस्तेमाल को रोकने के लिए जैमर लगाए जाएंगे। इस बारे में केंद्र सरकार से बातचीत चल रही है। उन्होंने राज्‍य के जेलों के बारे में बताते हुए कहा कि वर्तमान में राज्‍य की जेलों में दुर्दांत किस्म के 31 से अधिक गैंगस्टर बंद हैं। इनकी गतिविधियों पर जेल प्रशासन की हर समय नजर रहती है। अगर जेलों में बंद अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम लगा दिया जाए तो राज्‍य में पचास फीसदी तक अपराध कम हो जाएंगे।

रंधावा से पहले कैदियों को मालूम था कि उन्‍हें क्‍या पोर्टफोलियो मिलेगा
नए जेल मंत्री ने यह भी कहा कि आश्‍चर्यजनक तो यह था कि यह फोन उन्‍हें तब आए, जब उन्‍हें भी नहीं पता था कि उन्‍हें कौन सा विभाग मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि अन्य विधायकों को भी जेलों से बधाई संदेश गए हों।

Published on: