
अमृतसर। अपनी कार्यशैली को लेकर पहले से ही बदनाम रहने वाली पंजाब पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। वैसे तो अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस हर तरह के हथकंडे आजमाती है, लेकिन इस बार पंजाब पुलिस ने कुछ ऐसा कर दिया है, जिसकी वजह से पुलिस की कार्यशैली पर ना सिर्फ सवाल खड़े हो रहे हैं बल्कि लोगों में नाराजगी भी है। दरअसल, पंजाब के मजीठा में एक महिला को पुलिस की गाड़ी की छत पर बांधकर पूरे इलाके में घुमाया गया। इतना ही नहीं जब मामला तूल पकड़ने लगा तो पुलिसवालों ने महिला को चलती गाड़ी से ही नीचे फेंक दिया। पुलिस की ये शर्मनाक हरकत एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब वायरल हो रहा है।
आरोपी की पत्नी को गाड़ी की छत पर बांध घुमाया गांव में
जानकारी के मुताबिक, ये घटना मजीठा के चविंडा देवी गांव की है। पुलिस की गाड़ी यहां एक मामले में युवक की गिरफ्तारी के लिए आई थी, लेकिन जब युवक को नहीं पकड़ पाई तो उसने उस युवक की पत्नी पर अत्याचार करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक उस वक्त घर पर नहीं था। पुलिसवालों ने महिला के साथ पहले तो बदसलूकी की और उसके साथ मारपीट भी की। इस दौरान पुलिसकर्मियों की आरोपी युवक की पत्नी से कहासुनी भी खूब हुई।
बाद में चलती गाड़ी से ही फेंका नीचे
पीड़िता ने पुलिसवालों पर आरोप लगाया है कि पुलिस बिना किसी वजह के उसके पति को गिरफ्तार करने घर पहुंची थी। उसने जब इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। कहासुनी के बाद पुलिसकर्मी महिला को अपने साथ ले गए और अपनी गाड़ी की छत पर बांध दिया। इसके बाद उन्होंने महिला को पूरे गांव में घुमाया। पुलिस की ये हरकत कैमरे में कैद हो गई।
महिला गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
इस घटना के दौरान गांव के लोग भी इकट्ठा हो गए थे। पुलिस की इस करतूत को देखकर लोगों को गुस्सा आ गया। इसी दौरान पुलिसवालों ने महिला को चलती गाड़ी से ही नीचे फेंक दिया, जिसके कारण उसे चोट आई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने महिला को सड़क पर फेंक दिया और वहां से चलते बने। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।