
नई दिल्ली। हरियाणा इन दिनों अपराध का अड्डा बनता जा रहा है। रेप और हत्या जैसी संगीन वारदात यहां आए दिन हो रही है। सबसे हैरानी वाली बात यह है कि इन केसों को सुलझाने में पुलिस को महीनों और सालों लग जाती है। ताजा मामला है भिवानी का, जहां एक युवती के मौत की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस को काफी वक्त लगा। लेकिन, जब इस केस का खुलासा हुआ तो सब सकते में रह गए।
घरवालों ने जबरन फांसी पर लटकाया
दरअसल, भिवानी के एक गांव में काफी समय पहले एक युवती की मौत हो गई थी। उस वक्त यह मामला आत्महत्या का लग रहा था। लेकिन, अब पुलिस ने खुलासा किया है कि लड़की को उसके घरवालों ने ही जबरन उसे फांसी पर लटका दिया। इतना ही नहीं उससे सुसाइड नोट भी लिखवाया गया था और फिर फांसी पर उसे चढ़ा दिया गया। पुलिस के मुताबिक, युवती के साथ उसके ममेरे भाई ने दुष्कर्म किया था। उसके बाद से ही परिवार वाले उससे जान देने के लिए कह रहे थे। इस खुलासे में युवती के ममेरे भाई के पास से मिली मोबाइल चिप ने अहम रोल अदा किया, जिसमें दोनों की बातें रिकॉर्ड थीं। पुलिस के अनुसार मृतका के परिवार वालों से पूछताछ की गई तो पता चला कि 26 अगस्त को दिन में युवती को फांसी पर लटकाने का प्लान बना था। पुलिस ने युवती के पिता और भाई सहित तीन को गिरफ्तार किया है। डीएसपी मुख्यालय जगत सिंह ने बताया कि युवती के साथ उसके ममेरे भाई ने 17 अगस्त को दुष्कर्म किया था। 26 अगस्त को युवती के पिता, भाई, दो चाचा और एक रिश्तेदार ने युवती की हत्या की साजिश रची। इसके बाद युवती से जबरन सुसाइड नोट लिखवाया गया। जब युवती ने उनकी इच्छा के अनुसार नोट नहीं लिखा तो उसे जला दिया।
परिजन ने इस तरह रची साजिश
युवती के भाई ने अपनी डायरी में खुद सुसाइड नोट लिखा और उसकी नकल युवती से करवाई। इसके बाद रात युवती को कमरे में ले जाकर फांसी पर लटका दिया और उसके नीचे से कुर्सी खिसका दी। इसके बाद उन्होंने कमरे के दरवाजे को अंदर से बंद किया। इसके बाद सुबह 6 बजे युवती के पिता ने पुलिस को फोन करके बताया कि उसकी बेटी ने दुष्कर्मी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।इतना ही नहीं युवती के पिता दुष्कर्म का आरोप पड़ोस में रहनेवाले एक युवक पर लगाया, जिससे उनका विवाद चल रहा था। फिलहाल, पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।