
आरोपी गिरफ्तार (पत्रिका फोटो)
Rajasthan Jhalawar Crime News: झालावाड़ में जेल से रिहा होने के बाद गैंगस्टर स्टाइल में शक्ति प्रदर्शन करना एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों को बेहद भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर रील और वीडियो वायरल कर आमजन में दहशत फैलाने की कोशिश के आरोप में झालावाड़ की कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर कबीर संजरी सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई तीन कारों को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, झालावाड़ के नला मोहल्ला निवासी हिस्ट्रीशीटर कबीर संजरी बीते 24 जून को जिला कारागृह से रिहा हुआ था। कबीर की रिहाई के वक्त उसे लेने के लिए करीब 20 से 25 साथी कई चार पहिया वाहनों के साथ जेल के मुख्य द्वार पर पहुंच गए। वहां सभी ने मिलकर एक बड़ा काफिला तैयार किया और शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जेल से निकलने के बाद कबीर संजरी को साथ लेकर वाहनों का यह काफिला शहर के प्रमुख और व्यस्त बाजारों से गुजरा। इस दौरान युवकों द्वारा जमकर नारेबाजी की गई और तेज गति तथा लापरवाही से वाहन चलाए गए।
इस पूरे घटनाक्रम का बकायदा वीडियो और रील बनाई गई, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वीडियो को वायरल करने का मुख्य उद्देश्य अपराधी छवि और गैंग का प्रभाव दिखाकर जनता के बीच डर का माहौल पैदा करना था।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के सुपरविजन में कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर हुड़दंग करने वाले आरोपियों की पहचान की और शुक्रवार को दबिश देकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया के जरिए अपराध का महिमामंडन करने, हथियारों का प्रदर्शन करने या गैंग की छवि बनाकर दहशत फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
-अमित कुमार, एसपी, झालावाड़
Updated on:
27 Jun 2026 06:15 pm
Published on:
27 Jun 2026 06:15 pm
बड़ी खबरें
View Allझालावाड़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
